अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान अनिवार्य नहीं था कोरोना टेस्ट, केंद्र सरकार का जवाब

केंद्र सरकार में विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन संसद के उच्च सदन यानि राज्यसभा में इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या ट्रंप स्टाफ और उनके प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों की कोरोना वायरस की जांच हुई थी।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Wed, 23 Sep 2020 08:24 AM (IST) Updated:Wed, 23 Sep 2020 08:24 AM (IST)
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान अनिवार्य नहीं था कोरोना टेस्ट, केंद्र सरकार का जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप 24-25 फरवरी के बीच भारत यात्रा पर आए थे।

नई दिल्ली, प्रेट्र। सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे के समय देश में कोरोना जांच को अनिवार्य नहीं बनाया गया था। ट्रंप 24-25 फरवरी के बीच भारत की यात्रा पर आए थे। संसद के उच्च सदन में विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन ने लिखित जवाब में कहा कि चार मार्च से देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर बाहर से आने वाले लोगों की कोरोना जांच को अनिवार्य बनाया गया।

विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन संसद के उच्च सदन यानि राज्सभा में इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या ट्रंप स्टाफ और उनके प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों की कोरोना जांच हुई थी। मुरलीधरन ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 11 मार्च को कोरोना को वैश्विक महामारी घोषित किया था। जबकि, भारत में सरकार ने चार मार्च से ही देश के सभी 21 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर बाहर से आने वाले हर यात्री की जांच को अनिवार्य बना दिया था।

मेहमाननवाजी से गदगद हुए ट्रंप

भारत के दो दिन के दौरे के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि भारत में उनका जोरदार स्वागत सत्कार हुआ, जिससे वो बेहद गदगद हुए। भारत को महान देश बताते हुए ट्रंप ने कहा था कि उनकी यात्रा बेहद सफल रही। राष्ट्रपति ट्रंप अपने कार्यकाल के आखिरी साल में अपने पहले दौरे पर 24 फरवरी को भारत आए थे। उनके साथ प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उनकी बेटी व सलाहकार इवांका ट्रंप, दामाद जेरेड कुशनर समेत ट्रंप प्रशासन के उच्चाधिकारियों का शिष्टमंडल भी आया था। इनमें अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ ब्रायन भी शामिल थे। दो दिन के दौरे में वह आगरा भी गए और पत्नी मेलानिया के साथ संग ताज का दीदार किया।

भारत के 36 घंटे का दौरा खत्म कर लौटते ही ट्रंप ने ट्वीट किया था कि अभी-अभी लैंड किया हूं। भारत महान है, यात्रा बेहद सफल रही।' इससे पहले, ट्रंप जब यात्रा खत्म कर रवाना हुए, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर आने के लिए उनका धन्यवाद किया था। ट्रंप ने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत 24 फरवरी को अहमदाबाद से की थी। वह अमेरिका से सीधे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरे थे। जहां से पहले साबरमती आश्रम जाकर बापू को नमन किया और फिर मोटेरा स्टेडियम में अपने स्वागत समारोह में पहुंचे।

chat bot
आपका साथी