संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के लिए कांग्रेस नेताओं ने कल बुलाई अहम बैठक

कांग्रेस पार्टी की ये अहम बैठक सोमवार शाम 4 बजे पार्टी मुख्यालय में आयोजित होगी।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Sun, 20 Sep 2020 09:16 AM (IST) Updated:Sun, 20 Sep 2020 09:19 AM (IST)
संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के लिए कांग्रेस नेताओं ने कल बुलाई अहम बैठक
संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के लिए कांग्रेस नेताओं ने कल बुलाई अहम बैठक

नई दिल्ली, आइएएनएस। संसद में चल रहे मानसून सत्र के बीच कांग्रेस ने कल एक अहम बैठक बुलाई है। इस अहम बैठक में कांग्रेस पार्टी के अंदर चल रहे संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, संसद में चल रहे मानसून सत्र के बीच कांग्रेस पार्टी ने महासचिव और राज्य प्रभारियों को इस बैठक में शामिल होने के लिए कहा है। कांग्रेस के महासचिव और राज्य प्रभारी सोमवार को पार्टी के अंतरिम प्रमुख सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अनुपस्थिति में महत्वपूर्ण संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक पत्र में सभी महासचिवों, विशेष समिति के सदस्यों और राज्य प्रभारियों से संगठनात्मक परिचालन मामलों में कांग्रेस अध्यक्ष की सहायता करने का आग्रह किया है। कांग्रेस पार्टी की ये अहम बैठक सोमवार शाम 4 बजे पार्टी मुख्यालय में आयोजित होगी।

सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी के साथ वार्षिक चिकित्सा जांच के लिए विदेश गई हैं। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद पार्टी महासचिवों और राज्य प्रभारियों की यह पहली बैठक है।सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद, कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया, जिसमें कई नेताओं को शामिल किया गया, जिनमें गुलाम नबी आजाद भी शामिल थे, जिन्होंने पार्टी के मामलों पर सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा था।

इस  बीच मंडी कानून में संशोधन समेत कृषि से जुड़े तीन विधेयकों पर रविवार को संसद की अंतिम मुहर लग सकती है। लोकसभा से पारित इन विधेयकों को राज्यसभा में रविवार की सुबह सबसे पहले लगाया गया है। जाहिर है नंबर गेम में भारी सरकार को इन्हें पारित कराने में ज्यादा परेशानी भी नहीं होगी। वैसे यह देखना ज्यादा रोचक होगा कि राजनीतिक विवाद में उलझे इस मुद्दे पर विपक्ष कितनी एकजुट हो पाता है। माना यह जा रहा है कि विपक्ष या फिर निरपेक्ष खेमे में खड़े दलों को कांग्रेस साधने की हर संभव कोशिश कर रही है लेकिन कोई साथ नहीं आ रहा है।

केंद्र ने व्यापारियों व कारपोरेट के सामने समर्पण किया : चिदंबरम

एएनआइ के अनुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता पी.चिदंबरम ने कृषि विधेयकों पर हो रही खींचतान के बीच आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने व्यापारियों और कारपोरेट घरानों के समक्ष समर्पण कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रवक्ता ने दुर्भावनावश कांग्रेस के घोषणा पत्र को तोड़मरोड़ कर उद्धृत किया है। घोषणा पत्र में हमारा वादा पूरी तरह साफ है। सरकार के इन विधेयकों से किसान और कृषि उद्योग को क्षति होगी।

chat bot
आपका साथी