केंद्र के सेंट्रल विस्टा का विरोध कर रही कांग्रेस पर भाजपा का पलटवार, कहा- छत्तीसगढ़ में बना रहे हजारों करोड़ के महल
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट जिसकी यूपीए सरकार में तत्कालीन लोकसभा अध्यक्षा मीरा कुमार ने आवश्यकता बताई थी। अब इसी प्रोजेक्ट का किस मुंह से विरोध कर रही है। कांग्रेस नेता हमेशा भ्रम में रहते हैं।
रायपुर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पत्र के बहाने अब भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। नड्डा ने कांग्रेस की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार की ओर से बनाए जा रहे हजारों करोड़ के भवनों की याद दिलाई। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नड्डा का कांग्रेस के चरित्र पर करारा तमाचा है। कोरोना की लड़ाई से लेकर सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट तक कांग्रेस का विरोध जनता को गुमराह करने वाला, झूठ फैलाने वाला रहा है। कांग्रेस पार्टी कोरोना से लड़ाई लड़ने के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लड़ाई में लगी है।
अग्रवाल ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि एक तरफ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी कोरोना काल की दुहाई देते हुए सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का विरोध कर रही है। वहीं, दूसरी ओर उनके संरक्षण में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार हजारों करोड़ रुपये खर्चकर नई राजधानी क्षेत्र में विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री महल, मंत्री महल और हज महल बना रही है। सोनिया गांधी को बताना चाहिए कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री निवास, मंत्रिगणों के निवास के रहते हजारों करोड़ रुपये खर्च कर नए महल बनाने की क्या आवश्यकता है। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट जिसकी यूपीए सरकार में तत्कालीन लोकसभा अध्यक्षा मीरा कुमार ने आवश्यकता बताई थी। अब इसी प्रोजेक्ट का किस मुंह से विरोध कर रही है। कांग्रेस नेता हमेशा भ्रम में रहते हैं। कांग्रेस पार्टी ने पहले लॉकडाउन का विरोध किया, अब सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री खुद लॉकडाउन लगा रहे है और राहुल गांधी देश में लॉकडाउन की बात कर रहे हैं। टीकाकरण का विरोध कर देश के वैज्ञानिकों का अपमान किया।
उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिक स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने तो एक कदम आगे जाते हुए कहा था कि वे छत्तीसगढ़ की जनता को कोवैक्सीन नहीं लगवाएंगे। केंद्र सरकार कोवैक्सीन की खेप छत्तीसगढ़ में नहीं भेजें। अब यही कांग्रेस नेता और कांग्रेस पार्टी वैक्सीनेशन के लिए हल्ला मचा रही है। कांग्रेस के नेताओं ने वैश्विक महामारी को भी राजनीति करने का माध्यम बना लिया है। कांग्रेस जनता की मौत पर राजनीति करना चाह रही है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी से अब जवाब आना चाहिए कि छत्तीसगढ़ में उनकी सरकार द्वारा विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री महल, मंत्री महल, हज महल का निर्माण क्यों किया जा रहा है।