छत्तीसगढ़ः अटल जी के अस्थि कलश को लेकर हंगामा, कई कांग्रेसी गिरफ्तार

करुणा शुक्ला के साथ कुछ महिला कांग्रेसी एकात्म परिसर के गेट तक पहुंचीं और उन्होंने अटल जी के अस्थि कलश की मांग की।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Tue, 16 Oct 2018 04:28 PM (IST) Updated:Wed, 17 Oct 2018 12:43 AM (IST)
छत्तीसगढ़ः अटल जी के अस्थि कलश को लेकर हंगामा, कई कांग्रेसी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ः अटल जी के अस्थि कलश को लेकर हंगामा, कई कांग्रेसी गिरफ्तार

रायपुर [नईदुनिया]। छत्तीसगढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थिकलश कथित तौर पर बोरे में रखे जाने को लेकर बखेड़ा ख्रड़ा हो गया है। कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर का घेराव किया। करीब एक घंटे तक हुए हंगामे के बीच अटल बिहारी की भतीजी व कांग्रेस नेता करुणा शुक्ला भाजपा कार्यालय के बाहर धरने पर बैठीं। इस बीच उग्र हुए भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हाथापाई भी हुई। बवाल के बाद पुलिस ने करुणा शुक्ला, पूर्व महापौर डॉ. किरणमयी नायक और युवा नेता विनोद तिवारी समेत दर्जनों कांग्रेसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा।

कांग्रेस का आरोप है कि अटल बिहारी की अस्थियों का भाजपा ने विसर्जन नहीं किया और उसे भाजपा कार्यालय में बोरियों में भरकर रखा है। करुणा शुक्ला ने कहा कि वह अटल बिहारी की भतीजी हैं। अस्थिकलश उनको दे दिया जाए। वह नदियों में विसर्जन कर देंगी। कांग्रेसियों के आरोप का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी अटल बिहारी के अस्थिकलश के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा कार्यालय में जो कलश रखे गए हैं, उसमें अटल नगर के लिए घर-घर से लाई गई मिट्टी है। कांग्रेस निम्न स्तर की राजनीति पर उतर आई है। अटल बिहारी वाजपेयी के मुद्दे पर वह आगे बढ़कर श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।

भूपेश सहित कांग्रेसियों को रास्ते में रोका
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने डेंटल कॉलेज के सामने रोक दिया। कांग्रेस भवन से सभी रणनीति बनाकर एकसाथ निकले थे, लेकिन करुणा शुक्ला और महिला कांग्रेसी कार्यकर्ता ही पुलिस को चकमा देकर एकात्म परिसर के पास पहुंच पाए। जब कांग्रेसी पहुंचे तो भाजपा कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया गया। इसके बाद वह बाहर ही प्रदर्शन करने लगे।

सोशल मीडिया पर भूपेश-कौशिक में जंग
पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेन ने ट्वीट किया- 'रमन सिंह से निवेदन है, अगर वे अटलजी की अस्थि विसर्जित नहीं कर पा रहे हैं, तो हमें दे दें। हम ससम्मान पूरे विधि विधान से उनकी अस्थि विसर्जित करेंगे, वह भी बिना किसी इवेंट मैनेजमेंट के।'

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने ट्वीट किया- 'भूपेश बघेल यदि आप अपने उल्टे चश्मे से देखेंगे, तो प्रदेशवासियों के सहयोग से बनने वाले अटल स्मारक की मिट्टी की जगह अस्थियां ही नजर आएंगी। अटलजी के नाम पर आपके कृत्यों से पूरे छत्तीसगढ़ की भावना आहत हुई है।'

chat bot
आपका साथी