मुख्यमंत्री शिवराज व प्रज्ञा ठाकुर ने राम मंदिर के लिए दिए एक-एक लाख, मुस्लिम समाज ने दिए 11 हजार

अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए मध्य प्रदेश में समर्पण निधि अभियान विधिवत रूप से शुरू हो गया। पहले दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक लाख रुपये का चेक विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री विनायक राव देशमुख को दिया।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 11:52 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 11:52 PM (IST)
मुख्यमंत्री शिवराज व प्रज्ञा ठाकुर ने राम मंदिर के लिए दिए एक-एक लाख, मुस्लिम समाज ने दिए 11 हजार
अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि अभियान।

भोपाल/इंदौर, राज्य ब्यूरो। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए मध्य प्रदेश के नगर, गांव, कस्बों में समर्पण निधि अभियान विधिवत रूप से शुक्रवार से शुरू हो गया। पहले दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक लाख रुपये का चेक विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री विनायक राव देशमुख को दिया। वहीं भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी एक लाख 11 हजार 111 रुपये का चेक दिया।

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने भारत भक्ति अखाड़े की तरफ से 11 लाख का दिया चेक

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भारत भक्ति अखाड़े की संस्थापक होने के नाते 11 लाख 11 हजार 111 रुपये की राशि का एक चेक अलग से दिया। भोपाल के करोंद हनुमान मंदिर समिति ट्रस्ट ने पांच लाख रुपये का चेक दिया।

मुस्लिम समाज ने दान देकर की आतिशबाजी, लड्डू बांटे

इंदौर के मुस्लिम समाज ने भी श्रीराम मंदिर के लिए 11 हजार की समर्पण निधि प्रदान की और आतिशबाजी करते हुए लड्डू बांटे। इंदौर के उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने एक करोड़ रुपये समर्पित किए।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पांच लाख रुपये का पहला चंदा दिया

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पांच लाख रुपये का पहला चंदा दिया। यह चंदा उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में नहीं, बल्कि व्यक्तिगत रूप में दिया है। इसी के साथ मंदिर निर्माण के लिए धन जुटाने के अभियान का शुभारंभ हो गया। यह अभियान माघ पूर्णिमा तक चलेगा और विहिप का लक्ष्य इस दौरान पूरे देश में 10 करोड़ से अधिक घरों से चंदा जुटाने का है।

मंदिर निर्माण: धन जुटाने के लिए देशव्यापी अभियान

शुक्रवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार, मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघ चालक कुलभूषण आहूजा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मंदिर निर्माण के लिए धन जुटाने के देशव्यापी अभियान के बारे में जानकारी दी। इसके बाद राष्ट्रपति ने अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए व्यक्तिगत रूप से 5,00,100 रुपये का योगदान किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति का पूरा परिवार उपस्थित था।

विहिप ने कहा- सरकार से कोई आर्थिक मदद नहीं ली जाएगी

विहिप ने कहा है कि मंदिर निर्माण के लिए सरकार से कोई आर्थिक मदद नहीं ली जाएगी। लेकिन व्यक्तिगत रूप से आर्थिक सहयोग के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों समेत सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से संपर्क किया जाएगा। विहिप के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि इसी सिलसिले में प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। आने वाले दिनों में पूरे देश में घर-घर जाकर चंदा जुटाने के अलावा राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों व अन्य नेताओं से भी इसी तरह संपर्क किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी