जशपुर सड़क हादसा: लखीमपुर घटना की याद दिलाकर भाजपा ने भूपेश बघेल पर साधा निशाना
छत्तीसगढ़ के जशपुर में हुए सड़क हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये सीधा लापरवाही है असामाजिक तत्वों का हौसला छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री लखीमपुर जा सकते हैं तो यहां जाकर भी लोगों की पीड़ा सुननी चाहिए।
नई दिल्ली, एजेंसियां। छत्तीसगढ़ के जशपुर में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। बता दें कि गांजे से भरी तेज रफ्तार वाहन बेकाबू होकर भीड़ में घुस गई। इस दौरान चार लोगों की मौत हो गई और दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसके बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये सीधा लापरवाही है, असामाजिक तत्वों का हौसला छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री लखीमपुर जा सकते हैं, तो यहां जाकर भी लोगों की पीड़ा सुननी चाहिए। मृतक परिवार को 50 लाख और घायलों को 10 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराएं। पुलिस अधीक्षक को तत्काल हटा दें।
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए रमन सिंह ने आगे कहा कि पत्थलगांव की घटना दिल दहला देने वाली है। एक गांजा तस्कर की गाड़ी पीछे से आती है और विसर्जन के जुलूस को रौंदते हुए निकल जाती है। 16 लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं और एक की मौत होती है। कोई पुलिसकर्मी वहां पर नहीं दिखता जबकि वहां रूट डायवर्ट किया जाना चाहिए।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब बाजारपाड़ा इलाके के निवासियों ने देवी दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए जुलूस निकाला था। इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जशपुर के पुलिस अधीक्षक ने कहा, ' जशपुर के पत्थलगांव में एक तेज रफ्तार कार ने लोगों को कुचल डाला। घटना के दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। बबलू विश्वकर्मा और शिशुपाल साहू दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और छत्तीसगढ़ से गुजर रहे थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है ।' मामले में आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के जशपुर में सड़क हादसा, गांजे से भरा बेकाबू वाहन भीड़ में घुसा, चार लोगों की मौत