रक्षा तैयारियों के लिए बजट नहीं बनेगा बाधा : राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में व्यय की गई आवंटित बजट से अधिक राशि है।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Mon, 24 Jun 2019 09:14 PM (IST) Updated:Mon, 24 Jun 2019 09:14 PM (IST)
रक्षा तैयारियों के लिए बजट नहीं बनेगा बाधा : राजनाथ सिंह
रक्षा तैयारियों के लिए बजट नहीं बनेगा बाधा : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। देश की रक्षा तैयारियों को उच्च स्तर पर ले जाने के विश्वास के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को संसद में आश्वासन दिया कि देश की रक्षा जरूरतों से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन तैयारियों में सरकार का बजट बाधा नहीं बनेगा।

राजनाथ सिंह ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान सवालों के जवाब में कहा कि बजट का किसी भी तरह का कोई प्रतिकूल प्रभाव हमारी रक्षा तैयारियों पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने इस बात से साफ इन्कार किया कि रक्षा क्षेत्र में आवंटित बजट का पूर्ण रूप से उपयोग नहीं किया गया है। इस मामले में तो वास्तव में आवंटित बजट से अधिक राशि रक्षा क्षेत्र में व्यय की गई है।

राजनाथ सिंह ने बताया कि 2015-19 के दौरान सरकार ने सामान्य और आकस्मिक खरीद, दोनों के लिए सेना मुख्यालय को दीर्घकालिक वित्तीय शक्तियां प्रदान की हैं। इससे समय रहते निर्णय लेने की क्षमता में इजाफा हुआ और बजट का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सका है।

इसके इतर रक्षा मंत्री ने बताया कि पिछले तीन साल के दौरान आतंकवादी हमलों की वजह से भारत-पाकिस्तान सीमा पर 31 भारतीय सैनिक शहीद हुए हैं। उन्होंने राज्यसभा को बताया कि सामरिक कार्रवाई के दौरान 2016 में छह सैन्यकर्मी शहीद हुए, 2017 में 13 और 2018 में 12 सैन्यकर्मी शहीद हुए हैं।

एक प्रश्न के लिखित उत्तर में उन्होंने बताया कि आतंकी हमलों का सामना करने के लिए सभी अग्रणी चौकियों को सुदृढ़ किया गया है। आधुनिक प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से इसमें काफी मदद मिली है।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी