भाजपा ने कहा- कृषि कानून विरोधी आंदोलन पर कैप्टन अमरिंदर का हस्तक्षेप का प्रस्ताव स्वागत योग्य

सीमा सुरक्षा बल का क्षेत्राधिकार बढ़ाने के फैसले पर भी कैप्टन के रुख को सराहा। भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने कृषि कानून विरोधी आंदोलन के मुद्दे का समाधान करने के पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रयासों की सराहना की है।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 08:20 AM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 08:20 AM (IST)
भाजपा ने कहा- कृषि कानून विरोधी आंदोलन पर कैप्टन अमरिंदर का हस्तक्षेप का प्रस्ताव स्वागत योग्य
भाजपा ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रयासों की सराहना की।(फोटो: फाइल)

नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने कृषि कानून विरोधी आंदोलन के मुद्दे का समाधान करने के पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के साथ जारी गतिरोध को दूर करने के लिए किसी भी हस्तक्षेप का वह स्वागत करते हैं।चुघ ने एक बयान जारी कर कहा, 'केंद्र सरकार किसानों से वार्ता के लिए हमेशा तैयार है और गतिरोध को समाप्त करने के लिए सभी प्रकार के हस्तक्षेप का स्वागत है।'

अमरिंदर सिंह ने घोषणा की है कि वह अपनी नई पार्टी गठित करेंगे। साथ ही तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के मुद्दे पर अपने प्रयासों को जारी रखने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे।चुघ ने सीमा सुरक्षा बल का क्षेत्राधिकार बढ़ाने के केंद्र के फैसले पर अमरिंदर के रुख की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, 'अमरिंदर सिंह एक सैनिक रहे हैं और वह राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उपयुक्त रुख अपना रहे हैं। हम पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू की पाकिस्तान के प्रति हमदर्दी समझ सकते हैं, लेकिन यह दुखद है कि वह एक सीमाई राज्य की राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं के प्रति संवेदनशील नहीं हैं।' भाजपा महासचिव ने कहा कि अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस की पोल खोल दी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का पंजाब से सफाया हो जाएगा।

कांग्रेस और भाजपा के दोहरे चेहरेका सुबूत हैं कैप्टन : जरनैल सिंह

आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मामलों के प्रभारी विधायक जरनैल सिंह ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से नई पार्टी बनाने और सूबे में बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र के विस्तार का समर्थन करने पर सवाल खड़े किए हैं। सिंह ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान चुप क्यों है और भाजपा की भाषा बोलने वाले कैप्टन को निष्कासित क्यों नहीं किया गया है। जरनैल सिंह ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह, जो आज भाजपा के पक्ष में बोल रहे हैं, यह कांग्रेस की सहमति से किया जा रहा है। कैप्टन कांग्रेस और भाजपा के दोहरे चेहरे का सुबूत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा मिलीभगत से काम कर रहे हैं और शिरोमणी अकाली दल भी उसी समूह का हिस्सा हैं।

chat bot
आपका साथी