जेपी नड्डा बोले, गोवा में प्रमोद सावंत ने किया बहुत अच्छा काम, सीएम फेस पर उनका ही नाम रहेगा आगे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जहां तक पार्टी का सवाल है मैं बहुत आशावादी हूं। गोवा में भाजपा ने पिछले 4.5 वर्षों में एक बड़ी छलांग लगाई है। यहां समाज के सभी वर्गों के साथ मेरी मुलाकात हुई है।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 03:52 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 04:20 PM (IST)
जेपी नड्डा बोले, गोवा में प्रमोद सावंत ने किया बहुत अच्छा काम, सीएम फेस पर उनका ही नाम रहेगा आगे
पणजी में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा

पणजी, एजेंसियां। गोवा में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। राजनीतिक पार्टियां अभी से चुनावी तैयारी में लग गई हैं। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गोवा पहुंचे हुए हैं। यहां उन्होंने मंत्रियों और विधायकों के साथ एक अहम बैठक की और आगामी विधानसभा चुनाव में सीएम प्रमोद सावंत का ही चेहरा मुख्यमंत्री के तौर पर रखे जाने की बात कही। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के विधायक बहुत आशावादी और आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। कांग्रेस से बड़ी संख्या में नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। मैंने उनसे विस्तृत चर्चा की है। उन्होंने भाजपा के कामकाज की प्रशंसा की है जो मुझे और अधिक आशावादी बनाता है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जहां तक पार्टी का सवाल है, मैं बहुत आशावादी हूं। गोवा में भाजपा ने पिछले 4.5 वर्षों में एक बड़ी छलांग लगाई है। यहां समाज के सभी वर्गों के साथ मेरी मुलाकात हुई है। बाढ़ के कारण जो त्रासदी हुई है, उससे काफी नुकसान गोवा की जनता को हुआ है। बाढ़ में बचाव अभियान को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ विस्तार में मेरी बात हुई है।

नड्डा ने कहा कि गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने बहुत अच्छा काम किया है। उनके नेतृत्व में चहुंमुखी विकास हुआ है। हम उनके साथ (सीएम फेस के तौर पर) आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा में संसदीय बोर्ड आधिकारिक घोषणा करता है लेकिन किसी अन्य नाम के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि जहां तक स्नूपगेट की बात है तो यह निराधार और मुद्दाविहीन है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष के पास ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जो लोगों से जुड़ा हो। इसलिए वे इस तरह का मुद्दा उठाते हैं।

बता दें कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का गोवा में आज उनका दूसरा दिन है। गोवा पहुंचने पर कांग्रेस प्रवक्ता श्रीनिवास खलप ने शनिवार को कहा था कि वे केवल जुमला राजनीति को आगे बढ़ाएंगे और झूठे वादों पर ही यहां बोलेंगे। 

chat bot
आपका साथी