JP Nadda inTamil Nadu: पोंगल उत्सवों में हिस्सा लेने तमिलनाडु पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बढ़ी सियासी हलचल

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को पोंगल के त्योहार पर तमिलनाडु में पहुंचे। चेन्‍नई में रोड शो भी निकाला गया। उनके साथ राज्‍य के स्‍थानीय नेता भी थे। बता दें कि तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

By Arun kumar SinghEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 05:19 PM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 07:08 PM (IST)
JP Nadda inTamil Nadu: पोंगल उत्सवों में हिस्सा लेने तमिलनाडु पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बढ़ी सियासी हलचल
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को पोंगल के त्योहार पर तमिलनाडु में पहुंचे।

चेन्नई, एजेंसियां। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ-साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी गुरुवार को तमिलनाडु पहुंच गए। हालांकि वह पोंगल उत्सवों में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं, लेकिन दोनों नेताओं के वहां पहुंचने से राज्य में सियासी हलचल बढ़ गई है। राज्य में इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। जेपी नड्डा के तमिलनाडु पहुंचने पर भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष एल. मुरुगन, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उनकी इस यात्रा को अहम माना जा रहा है क्योंकि सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने यह चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की है।

उधर, कांग्रेस विपक्षी दल द्रमुक के साथ मिलकर राज्य की सत्ता में वापसी का सपना संजोये हुए है। 2019 के लोकसभा चुनावों में द्रमुक ने राज्य में अन्नाद्रमुक का सफाया कर दिया था और इसी वजह से विधानसभा चुनावों में उसका मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। इसके अलावा अन्नाद्रमुक के पास अब जयललिता जैसा करिश्माई चेहरा भी नहीं है। नड्डा भले ही राज्य में पोंगल उत्सवों में हिस्सा लेने के लिए आए हैं, लेकिन राहुल गांधी ने जिस तरह भाजपा पर निशाना साधा है उससे लगता है कि उनकी यात्रा सोची समझी रणनीति के तहत हो रही है।

ज्ञात रहे कि पोंगल सूर्य देव को समर्पित चार दिवसीय फसल उत्सव है। त्योहार को यादगार बनाने के लिए पोंगल में मिठाई तैयार की जाती है और सबसे पहले देवी-देवताओं को अर्पित की जाती है, कभी-कभी गायों को भी भेंट किया जाता है।

कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी मदुरै जिले के अवनियापुरम में राज्य के प्राचीन खेल जल्लीकट्टू कार्यक्रम में भाग लिया। राहुल गांधी ने कहा कि तमिल संस्कृति और इतिहास को एक्शन में देखना एक सुखद अनुभव था। मुझे लगता है कि तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल इतिहास भारत के भविष्य के लिए आवश्यक है और भारत में हर किसी का सम्मान करने की आवश्यकता है। गांधी ने बिना किसी का नाम लिए भाजपा पर हमला किया। उन्‍होंने कहा कि मैं यहां उन लोगों को संदेश देने आया हूं, जो सोचते हैं कि वे तमिल भाषा और संस्कृति को रौंद सकते हैं।

ज्ञात हो कि तमिलनाडु विधानसभा चुनावों को लेकर एआइएडीएमके (ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) और डीएमके (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) समेत सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। सत्तारूढ़ अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने भाजपा के साथ गठबंधन में तमिलनाडु में 2021 विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है।  इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य का दौरा कर चुके हैं। नवंबर महीने में वह चेन्‍नई आए थे।

chat bot
आपका साथी