शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद की हुई वतन वापसी, जर्मनी में फंस गए थे पूर्व विश्व चैंपियन

दिग्गज शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथ आनंद की घर वापसी हो गई है। जर्मनी में पिछले तीन महीने से फंसे आनंद अब भारत लौट आए हैं।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 08:39 AM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 08:39 AM (IST)
शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद की हुई वतन वापसी, जर्मनी में फंस गए थे पूर्व विश्व चैंपियन
शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद की हुई वतन वापसी, जर्मनी में फंस गए थे पूर्व विश्व चैंपियन

चेन्नई, पीटीआइ। पूर्व विश्व चैंपियन और दिग्गज भारतीय शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद आखिरकार शनिवार को भारत लौट आए हैं। कोरोना वायरस महामारी के चलते यात्रा संबंधित पांबदियों के कारण वह तीन महीने से ज्यादा समय से जर्मनी में फंसे हुए थे, लेकिन शनिवार को उनकी वतन वापसी हो गई है। इस बात से वे खुद तो खुश हैं ही, साथ ही साथ उनका परिवार भी काफी खुश है। हालांकि, अभी वे अपने घर वालों से ज्यादा नहीं मिल सकेंगे।

दरअसल, विश्वनाथन आनंद इसी साल फरवरी में बुंडिशलीगा शतरंज लीग खेलने के लिए जर्मनी गए हुए थे और उन्हें मार्च में जर्मनी से भारत लौटना था, लेकिन इसी बीच कोविड-19 महामारी के कारण दुनिया भर में यात्रा संबंधित पांबदियां लगा दी गईं, जिसके कारण खेल गतविधियां तो प्रभावित हुईं ही थीं। वहीं, आनंद खुद विदेशी सरजमीं पर रहने को मजबूर हो गए थे।

आनंद फ्रैंकफर्ट से एयर इडिंया की फ्लाइट (ए1-120) से दिल्ली से होते हुए बेंगलुरु के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उनकी पत्नी अरूणा ने इस बात की जानकारी दी है कि आनंद लौट आए हैं। उन्होंने कहा है, "हां, आनंद लौट आए हैं। वह ठीक हैं। वह भारत लौटकर खुश हैं। उन्हें क्वारंटाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी और प्रोटोकॉल के अनुसार चेन्नई आना होगा।"

बता दें कि जो भी शख्स विदेश से भारत आ रहा है उसको कम से कम 14 दिन के लिए क्वारंटाइन किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया से विश्वनाथन आनंद को भी गुजरना होगा और क्वारंटाइन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही वे घर में दाखिल हो सकेंगे। गौरतलब है कि आनंद ने जर्मनी में रहकर भी देश की मदद की थी और अपने साथियों के साथ कोरोना वायरस से लड़ने के लिए फंड इकट्ठा करने में अहम भूमिका निभाई थी। इतना ही नहीं, हाल ही में हुए ऑनलाइन नेशंस कप में भी विश्वनाथन आनंद ने भारत की ओर से भाग लिया था और कुछ मैच जीते थे। इस दौरान उन्होंने जितनी भी कमाई की उसको डोनेट किया है।

chat bot
आपका साथी