Tokyo Olympics 2020: जापान का उगते सूरज का ध्वज बना ओलिंपिक में विवाद

शनिवार को दक्षिण कोरिया ने तब ओलिंपिक गांव से अपने बैनर हटा दिए थे जब आइओसी ने उन्हें उकसाने वाला करार दिया था। दक्षिण कोरिया ने कहा कि आइओसी ने वादा किया था कि ओलिंपिक के अन्य स्थलों और स्टेडियमों में इस ध्वज को लगाने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 10:09 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 10:09 PM (IST)
Tokyo Olympics 2020: जापान का उगते सूरज का ध्वज बना ओलिंपिक में विवाद
टोक्यो ओलिंपिक की शुरुआत 23 जुलाई से हुई (एपी फोटो)

सियोल, प्रेट्र। उगते सूरज के अपने ध्वज को जापान इतिहास का हिस्सा मानता है, लेकिन कोरिया, चीन और अन्य एशियाई देशों में कुछ का कहना है कि यह ध्वज युद्ध के दौरान जापानी अत्याचारों की याद दिलाता है और उन्होंने इसकी तुलना नाजी स्वास्तिक से की। इसी वजह से ओलिंपिक में जापान के ध्वज को लेकर नाराजगी है और मेजबान देश के कुछ पड़ोसी देशों ने इसे टोक्यो ओलिंपिक के दौरान प्रतिबंधित करने की मांग भी की है।

शनिवार को दक्षिण कोरिया ने तब ओलिंपिक गांव से अपने बैनर हटा दिए थे जब आइओसी ने उन्हें उकसाने वाला करार दिया था। दक्षिण कोरिया ने कहा कि उसे आइओसी ने वादा किया था कि ओलिंपिक के अन्य स्थलों और स्टेडियमों में भी इस ध्वज को लगाने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। जापान की आयोजन समिति ने कहा कि ध्वज ओलिंपिक स्टेडियम के अंदर प्रतिबंधित नहीं है।

एक दिन टला नाओमी ओसाका का मैच

टोक्यो, एपी। ओलिंपिक टेनिस टूर्नामेंट में नाओमी ओसाका के शुरुआती मैच को शनिवार से रविवार तक के लिए टाल दिया गया है। आयोजकों ने हालांकि इसका कारण नहीं बताया है, लेकिन उन्होंने केवल इतना कहा कि यह कदम टूर्नामेंट के रेफरी की ओर उठाया गया है। ओसाका को मूल रूप से शनिवार सुबह सेंटर कोर्ट पर खेलों की पहली प्रतियोगिता में चीन की 52वीं रैंकिंग की खिलाड़ी झेंग साइसाई के खिलाफ अपने अभियान को शुरू करना था। फ्रेंच ओपन के पहले दौर के बाद टेनिस से विश्राम लेने वाली ओसाका लगभग दो महीने बाद प्रतिस्पर्धा में वापसी कर रही हैं।

भीषण गर्मी से बेहोश रूसी तीरंदाज

टोक्यो, एपी। रूसी तीरंदाज स्वेतलाना गोम्बोएवा शुक्रवार को टोक्यो ओलिंपिक में प्रतियोगिता के दौरान भीषण गर्मी में बेहोश हो गईं। रूसी ओलिंपिक समिति द्वारा जारी बयान में कोच स्टानिस्लाव पोपोव ने कहा कि क्वालीफाइंग दौर पूरा करने के तुरंत बाद गोम्बोएवा अचेत होकर गिर गईं। इसके बाद चिकित्सा कर्मचारियों ने उनकी मदद की। रूस के कोच ने कहा, 'मेरे सामने पहली बार ऐसा कुछ हुआ है। इससे पहले व्लादिवोस्तोक में जहां हम अभ्यास कर रहे थे वहां भी ऐसी ही गर्मी थी, लेकिन यहां नमी बहुत ज्यादा है।' गोम्बोएवा शुक्रवार को 64 महिला तीरंदाजों के क्वालीफिकेशन में 45वें स्थान पर रहीं।

ओलिंपिक रद करने को लेकर टोक्यो में प्रदर्शन

टोक्यो, प्रेट्र। करीब 50 प्रदर्शनकारियों ने ओलिंपिक रद करने की मांग को लेकर टोक्यो में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी टोक्यो मेट्रोपोलिटन प्रशासन की इमारत के बाहर नो टू ओलिंपिक्स और सेव पीपुल्स लाइव्स के नारे लगाते हुए एकत्र हुए। उन्होंने साइनबोर्ड ले रखे थे जिस पर कैंसल द ओलिंपिक्स लिखा था।

chat bot
आपका साथी