Tokyo Olympics 2020: मानसिक संतुलन की सीख ले रही हैं तीरंदाज दीपिका कुमारी
दीपिका अपने तीसरे ओलंपिक खेलों में भाग लेने की तैयारियों में जुटी हैं। भारत की नंबर एक महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी इस खेल में ओलंपिक पदक का इंतजार समाप्त करना चाहती हैं। इसके लिए वह अपने खेल के मानसिक पहलू पर भी काम कर रही हैं।
कोलकाता, पीटीआइ। भारत की स्टार तीरंदाज और दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी एक बार फिर से ओलंपिक मेडल जीतने की उम्मीद लेकर उतरेंगी। पिछले दो बार वह टॉप फॉर्म में होने के बाद भी भारत के लिए व्यक्तिगत पदक जीतने में नाकाम रही थी। अब एक बार फिर से दीपिका भारत के लिए पदक जीतने की उम्मीदों के लेकर ओलंपिक में उतरेंगी।
दीपिका अपने तीसरे ओलंपिक खेलों में भाग लेने की तैयारियों में जुटी हैं। भारत की नंबर एक महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी इस खेल में ओलंपिक पदक का इंतजार समाप्त करना चाहती हैं। इसके लिए वह अपने खेल के मानसिक पहलू पर भी काम कर रही हैं।
दीपिका ने 15 साल की उम्र में 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीता था। तीरंदाजी विश्व कप में उन्होंने पांच पदक जीते हैं और इसके अलावा कई अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक हासिल किए हैं, लेकिन वह अब तक ओलंपिक पदक हासिल करने में नाकाम रही हैं।
दीपिका ने कहा, 'आगामी ओलंपिक मेरे लिए अलग तरह के होंगे। मैं अपने विचारों पर नियंत्रण रखना सीख रही हूं। इसके साथ ही मैं अच्छा प्रदर्शन भी कर रही हूं।' दीपिका ने पहली बार लंदन ओलंपिक 2012 में हिस्सा लिया था जहां वह व्यक्तिगत और टीम दोनों स्पर्धाओं में पहले दौर में बाहर हो गई थी। इसके चार साल बाद रियो में दीपिका व्यक्तिगत वर्ग के अंतिम 16 में पहुंची थी जबकि टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में रूस से हार गई थी। इस बार यदि तीरंदाज विश्व कप के तीसरे चरण में टीम कोटा हासिल नहीं कर पाते हैं तो दीपिका भारत से भाग लेने वाली अकेली तीरंदाज होगी।
दीपिका ने कहा, 'तीरंदाजी आपके दिमाग और विचारों से जुड़ा खेल है। हमें यह समझना होता है कि दबाव कैसे झेलना है। दिमाग को कैसे नियंत्रित रखना है। यह तीरंदाजी और खेल में महत्वपूर्ण है।'