Tokyo Olympics 2020: चीन की 14 साल की कुआन होंगचान ने डाइविंग में जीता गोल्ड मेडल

14 साल की कुआन होंगचान ने ओलिंपिक खेलों में महिलाओं की 10 मीटर डाइविंग प्लेटफार्म स्पर्धा में गुरुवार को दबदबा कायम करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस पांच दौर की प्रतियोगिता के दूसरे और चौथे दौर में सभी सातों जजों ने उन्हें पूरे 10 अंक दिए।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 07:45 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 07:45 PM (IST)
Tokyo Olympics 2020: चीन की 14 साल की कुआन होंगचान ने डाइविंग में जीता गोल्ड मेडल
14 साल की कुआन होंगचान ने डाइविंग में जीता गोल्ड मेडल (एपी फोटो)

टोक्यो, एपी। चीन की 14 साल की कुआन होंगचान ने ओलिंपिक खेलों में महिलाओं की 10 मीटर डाइविंग प्लेटफार्म स्पर्धा में गुरुवार को दबदबा कायम करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस पांच दौर की प्रतियोगिता के दूसरे और चौथे दौर में सभी सातों जजों ने उन्हें पूरे 10 अंक दिए। उन्होंने कुल 466.20 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसका रजत पदक चीन की ही 15 वर्षीय चेन युशी (425.40) के नाम रहा। चेन 2019 की विश्व चैंपियन है और वह इन खेलों में 10 मीटर सिंक्रो टीम स्पर्धा में पहले ही स्वर्ण पदक जीत चुकी है। कुआन इस स्पर्धा में पदक जीतने वाली चीन की दूसरी सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनीं। यह रिकार्ड फु मिंगशिया के नाम है, जिन्होंने 1992 ओलिंपिक में 13 साल की उम्र में स्वर्ण पदक जीता था। अपना चौथा ओलिंपिक खेल रही आस्ट्रेलिया की मेलिसा वू ने 341.40 अंकों के साथ इस स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया।

नए ओलिंपिक रिकार्ड से रेयान क्राउजर ने जीता गोल्ड मेडल

टोक्यो, एपी। अमेरिका के शाटपुट (गोला फेंक) चैंपियन खिलाड़ी रेयान क्राउजर ने टोक्यो ओलिंपिक में ओलिंपिक रिकार्ड ध्वस्त करते हुए इतिहास रच दिया। फाइनल में उन्होंने अपने देश के विश्व चैंपियन जो कोवाक्स को हराया। क्राउजर ने टोक्यो की भीषण गर्मी के बीच 23.30 मीटर की दूरी पर गोला फेंकते हुए नया ओलिंपिक रिकार्ड बनाया और लगातार दूसरा स्वर्ण भी जीता।

2016 रियो ओलिंपिक में भी क्राउजर ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। वहीं 22.65 मीटर की दूरी पर शाटपुट फेंकते हुए अमेरिका के ही जो कोवाक्स ने रजत पदक, जबकि 22.47 मीटर के साथ न्यूजीलैंड के टामस वाल्श ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह रियो ओलिंपिक में गोला फेंक में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीतने वाले खिलाडि़यों ने टोक्यो में भी उसी क्रम में पदक जीते। यह ओलिंपिक इतिहास में पहला बार हुआ है।

नंबर गेम-

- 23.30 मीटर की दूरी पर गोला फेंकते हुए रेयान क्राउजर ने नया ओलिंपिक रिकार्ड बनाया।

-23.37 मीटर की दूरी पर गोला फेंकने का विश्व रिकार्ड भी बना चुके हैं क्राउजर।

10 किमी मैराथन तैराकी में वेलब्रोक ने जीता स्वर्ण

टोक्यो, एपी। जर्मनी के फ्लोरियन वेलब्रोक ने पूल में कांस्य पदक के बाद गुरुवार को ओलिंपिक की पुरुष 10 किमी मैराथन तैराकी का स्वर्ण पदक जीता। वेलब्रोक ने एक घंटे 48 मिनट और 33.7 सेकेंड के समय के साथ 25.3 सेकेंड की बढ़त से सोने का तमगा अपने नाम किया। बीजिंग 2008 खेलों में इस स्पर्धा को शामिल किए जाने के बाद यह जीत का सबसे बड़ा अंतर है। वेलब्रोक ने इससे पहले 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक जीता था। रासोवस्की ने एक घंटा 48 मिनट 59 सेकेंड के साथ रजत जबकि इटली के ग्रेगोरियो पालट्रिनेरी ने एक घंटा 49 मिनट 1.1 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

जमैका के हैंसले बने 110 मीटर बाधा दौड़ के चैंपियन

टोक्यो। जमैका के धावक हैंसले पार्चमेंट ने 110 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में उन्होंने अमेरिका के विश्व चैंपियन ग्रांट होलोवे (रजत पदक) और अपने ही देश के रोलेंड लेवी (कांस्य पदक) को पछाड़ते हुए 13.04 सेकंड में दौड़ पूरी करके खिताब अपने नाम किया। 2012 लंदन ओलिंपिक में कांस्य जीतने वाले पार्चमेंट ने जमैका को इस प्रतियोगिता में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया, जबकि जमैका को टोक्यो ओलिंपिक का तीसरा स्वर्ण दिलाया।

chat bot
आपका साथी