साक्षी मलिक ने अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा आवेदन, विनेश खेल रत्न के लिए नामांकित

रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक देश का शीर्ष खेल पुरस्कार खेल रत्न मिलने के बाद भी अब इस साल अर्जुन पुरस्कार भी हासिल करना चाहती हैं।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 09:06 PM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 09:06 PM (IST)
साक्षी मलिक ने अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा आवेदन, विनेश खेल रत्न के लिए नामांकित
साक्षी मलिक ने अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा आवेदन, विनेश खेल रत्न के लिए नामांकित

योगेश शर्मा, नई दिल्ली। इस साल खेल सम्मान के लिए खेल संघ और बोर्ड अपने-अपने खिलाड़ियों को नाम इसके लिए नॉमिनेट कर रहे हैं। वहीं रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक देश का शीर्ष खेल पुरस्कार खेल रत्न मिलने के बाद भी अब इस साल अर्जुन पुरस्कार भी हासिल करना चाहती हैं।

उन्होंने इस पुरस्कार के लिए अपना आवेदन भेजा है। वहीं विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदकधारी भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट के नाम की अनुशंसा खेल रत्न के लिए की जाएगी। बीसीसीआई ने रोहित शर्मा का नाम खेल रत्न जबकि शिखर धवन, इशांत शर्मा और महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजा है।

साक्षी मलिक ने कहा, "मैंने अर्जुन पुरस्कार के लिए अपना नाम भेजा है। मुझे पहले खेल रत्न मिल गया था लेकिन अर्जुन पुरस्कार नहीं मिला था। जब मैंने ओलंपिक में पदक जीता था तो उस समय मेरी काफी उपलब्धि थी लेकिन मुझे सीधा खेल रत्न मिल गया था। मुझे पता चला था कि जिसे बड़ा पुरस्कार मिल गया हो तो फिर छोटे पुरस्कार का कोई मतलब नहीं रहता लेकिन दोनों पुरस्कार अलग हैं इसलिए मैं चाहती हूं कि मुझे अर्जुन पुरस्कार भी मिले।" 

साक्षी को 2016 में खेल रत्न पुरस्कार मिला था। हालांकि यह सोमवार को पुष्टि होगी कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआइ) अर्जुन पुरस्कार के लिए किसका नाम आगे करेगा क्योंकि युवा पहलवान दीपक पूनिया, राहुल अवारे ने भी अर्जुन पुरस्कार के लिए अपने आवेदन भेजे हैं। साक्षी के अलावा भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू भी खेल रत्न हासिल कर चुकी हैं और उन्होंने भी अपना नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा था।

उधर, टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली विनेश का नाम (डब्ल्यूएफआइ) ने लगातार दूसरे साल भेजा है। पिछले साल वह इस पुरस्कार से चूक गई थी और साथी पहलवान बजरंग पूनिया को इस पुरस्कार से नवाजा गया था।

chat bot
आपका साथी