टोक्यो ओलंपिक से पहले भारत को लगा बड़ा झटका, रूस में चोटिल हुए बजरंग पूनिया

भारत की तरफ से टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने के दावेदारों में पहलवान बजरंग पूनिया का नाम सबसे ऊपर है लेकिन उनसे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। पूनिया रूस में खेली जा रही एक प्रतिस्पर्धा में चोटिल हो गए हैं।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 08:42 AM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 08:42 AM (IST)
टोक्यो ओलंपिक से पहले भारत को लगा बड़ा झटका, रूस में चोटिल हुए बजरंग पूनिया
बजरंग पूनिया चोटिल हो गए हैं (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, पीटीआइ। भारत की तरफ से टोक्यो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पहलवान बजरंग पूनिया का नाम सबसे ऊपर है, लेकिन उनसे जुड़ी एक खबर सामने आई है, जो लाखों खेल प्रेमियों का दिल तोड़ सकती है। जी हां, भारतीय स्टार पहलवान बजरंग पूनिया (65 किग्रा भार वर्ग) को चोट लगी है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि कोच ने उम्मीद जताई है कि वे जल्द ठीक हो जाएंगे। 

रूस के स्थानीय टूर्नामेंट में खेलने के दौरान बजरंग पूनिया के दाएं घुटने में चोट आ गई। हालांकि, उनके कोच शाको बेंटिनिडिस ने कहा कि चोट गंभीर नहीं है और चिंता करने की कोई बात नहीं है। उम्मीद की जा रही है कि पूनिया टोक्यो ओलंपिक खेलों से पहले फिट हो जाएंगे। भले ही कोच का बयान कुछ भी हो, लेकिन ओलंपिक की तैयारियों की नजर से देखा जाए तो ये भारत के लिए एक बड़ा झटका है।

दरअसल, अली एलीव टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करते हुए बजरंग सेमीफाइनल में ए कुदेव के खिलाफ खेल रहे थे तभी बजरंग ने दायें पैर से रूसी पहलवान पर हमला किया, लेकिन कुदेव ने बजरंग के पैर को पकड़ कर उसे खींच लिया। इसके बाद बजरंग दर्द से कराह कर मैट पर लेट गए और उन्होंने हार मान ली। इसके बाद तुरंत फिजियो को उपचार के लिए बुलाया गया। मालूम हो कि बजरंग टोक्यो ओलंपिक में भारत के पदकों के प्रबल दावेदारों में से एक हैं।

टोक्यो ओलंपिक के लिए काफी समय पहले क्वालीफाई कर चुके बजरंग पूनिया देश को ओलंपिक खेलों में पदक दिलाने के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में उनको चोट लगना चिंता का विषय है। अगर वे कुछ दिन तैयारी नहीं करेंगे तो ये उनके लिए मानसिक रूप से परेशान करने वाली बात होगी, क्योंकि टोक्यो ओलंपिक खेलों में अब एक महीने से भी कम समय बचा है। पूनिया टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए रूस गए थे।

chat bot
आपका साथी