इंडिया ओपन कोरोना वायरस महामारी की वजह से हुआ स्थगित, BAI ने की पुष्टि
India Open badminton Tournament 2021 कोरोना वायरस महामारी के कारण 11 से 16 मई तक आयोजित होने वाला इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट स्थगित करना पड़ा है। हालांकि अभी आयोजकों ने टूर्नामेंट की नई तारीखों का ऐलान नहीं किया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ।। देश में कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों के चलते सोमवार को इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट स्थगित कर दिया गया जो टोक्यो ओलंपिक के लिए अंतिम तीन क्वालीफाइंग टूर्नामेंटों में से एक है। दिल्ली में इंडिया ओपन को दर्शकों के बिना 11 से 16 मई तक आयोजित किया जाना था।
भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) के महासचिव अजय सिंघानिया ने कहा, "मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए हमारे पास फिलहाल इस टूर्नामेंट को स्थगित करने की घोषणा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। बीडब्ल्यूएफ, दिल्ली सरकार और अन्य शेयरधारकों के साथ कई राउंड चर्चाओं के बाद तथा खिलाडि़यों और अधिकारियों की सुरक्षा के लिए हमें यह फैसला लेने की जरूरत पड़ी।"
कोविड-19 मामलों के बढ़ने से शीर्ष खिलाडि़यों जैसे ओलंपिक चैंपियन कैरोलिना मारिन, पूर्व विश्व चैंपियन रतचानोक इंतानोन और डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन और रासमस गेमके ने ओलंपिक रैंकिंग के टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। सिंघानिया ने कहा, 'हमें 228 खिलाडि़यों की प्रविष्टियां मिली थीं और कोचों, सहयोगी स्टाफ और अधिकारियों सहित करीब 300 लोग एकत्रित होंगे और हालात इस तरह के हैं तो इंडिया ओपन के 2021 चरण का आयोजन अभी काफी जोखिम भरा लगा।' इंडिया ओपन का पिछला चरण भी रद करना पड़ा था।