सेल हॉकी अकादमी के लिए चयन शिविर कल से

राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) द्वारा संचालित सेल हॉकी अकादमी में कैडेटों के नामांकन हेतु चयन शिविर बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में आगामी 22 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 05:53 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 05:53 PM (IST)
सेल हॉकी अकादमी के लिए चयन शिविर कल से
सेल हॉकी अकादमी के लिए चयन शिविर कल से

जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) द्वारा संचालित सेल हॉकी अकादमी में कैडेटों के नामांकन हेतु चयन शिविर बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में आगामी 22 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। बैटरी जांच में उत्तीर्ण होने के लिए आयु 01.07.2021 तक वर्ष 14 से 16 वर्ष (जन्म तिथि 01.07.2005 के बाद या 01.07.2007 से पहले होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी गेजेटेड अधिकारी द्वारा सत्यापित आवश्यक प्रमाण-पत्रों/कागजातों की प्रतिलिपि के साथ बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम, सेक्टर-5, राउरकेला में 21 सितंबर की शाम को रिपोर्ट करना होगा। जन्म प्रमाणपत्र के लिए मैट्रिक प्रमाणपत्र, जन्म, एवं मृत्यु रजिस्ट्रार/ सक्षम सरकारी प्राधिकरण द्वारा जारी प्रमाणपत्र स्वीकार्य होगा। सत्यापन के लिए मूल प्रमाणपत्र दिखाना होगा। इसके अलावा व्यक्तियों को परीक्षण के लिए रिपोर्ट करते समय कोरोना नेगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट अपने साथ लानी होगी।

संस्था/संघ/संयंत्र अधिकतम चार खिलाड़ी भेज सकते हैं। चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को राउरकेला में निश्शुल्क रहने और खाने की व्यवस्था की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी आरएसपी के सहायक प्रबंधक, क्रीड़ा और प्रभारी, एसएचए रघुनंदन पाढ़ी एवं कोच, एसएचए राजू कांत सैनी से मोबाइल नंबर 8895504751 एवं 8917453649 पर संपर्क कर सकते हैं।

सेल हॉकी अकादमी की परिधि में आने के बाद कैडेटों को निश्शुल्क बोर्डिग, मासिक स्टाइपेंड, संतुलित आहार, आवास, शिक्षा और अत्या्धुनिक व्यायामशाला समेत मुफ्त खेल किट, आरएसपी अस्पताल में मुफ्त चिकित्सा, स्थानीय स्कूल/कॉलेज में शिक्षा के लिए सहायता, प्रशिक्षण अवधि के लिए बीमा कवरेज और वर्ष में एक बार आने वाले माता-पिता/अभिभावकों के लिए बस/ट्रेन का किराया कुछ अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा, कैडेटों को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट खेलने का अवसर भी मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि सेल हॉकी अकादमी की टीम ने न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी जगत में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। टोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के उप कप्तान बीरेंद्र लकड़ा अकादमी के एक गौरवशाली पूर्व छात्र हैं। शिलानंद लकड़ा, जेरोम लकड़ा, सुशील खालखो, आनंद लकड़ा, पंकज रजक, दीपक कुल्लू, ऐजूब एक्का, रंजन लकड़ा और जॉन जुआल टोपनो जैसे कैडेटों ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों में राज्य और देश का प्रतिनिधित्व किया है।

chat bot
आपका साथी