कलाकारों के कल्याण को आगे आए जिलापाल

विगत दो वर्षों से सुंदरगढ़ जिले के विभिन्न स्थानों पर कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई है और अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 08:15 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 08:15 AM (IST)
कलाकारों के कल्याण को आगे आए जिलापाल
कलाकारों के कल्याण को आगे आए जिलापाल

जाटी, राउरकेला/ राजगांगपुर: विगत दो वर्षों से सुंदरगढ़ जिले के विभिन्न स्थानों पर कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई है और अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य व बेरोजगारी की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विशेष कर कृषि, पशुपालन, फल की खेती आदि योजनाओं को फलीभूत करने के लिए महिला एवं बेरोजगार युवा पीढ़ी को शामिल कर उन्हें सर्वांगीण उन्नति व विकास के मद्देनजर जिला खदान फंड से सहायता मुहैया कराई गई है।

वहीं, कोरोना महामारी एवं लॉकडाउन के चलते अधिकतर लोग अपने-अपने रोजगार से वंचित हो गए हैं। इसमें विशेष कर लोक कलाकारों को अपनी रोजी-रोटी से हाथ धोना पड़ा है। सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगने से जिले के लोक कलाकार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। बहुत से कलाकार अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी तक करने को विवश हो रहे हैं। इनकी हालत वर्तमान समय में काफी दयनीय स्थिति में तब्दील हो गई है। सुंदरगढ़ जिलापाल निखिल पवन कल्याण को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने सभी को रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की है। जिला में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लोगों को जागरूक करने के साथ सचेतना करने की जिम्मेदारी इन कलाकारों को सौंपी गई है। सहभागिता के तहत सचेतना कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें सभी कलाकार गांव-गांव में घूम कर लोगों को जागरूक एवं सचेतन करने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों में इसका प्रभाव भी नजर आया है। इस कार्यक्रम के तहत जिला भर के करीब 1600 लोक कलाकारों व संस्कृति दल को शामिल किया गया है। इसमें अधिक से अधिक लोक कलाकारों को रोजगार मुहैया करवाया जा रहा है।

कोरोना महामारी के दौरान जिला भर में सचेतना कार्यक्रम चलाए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जिले में चल रहीं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी मिली और कैसे वे सभी इसका लाभ उठा सकते हैं, इसके बारे में भी कलाकार नृत्य गीत व प्रचार प्रपत्र के जरिये जानकारी दे रहे हैं। जिला संस्कृति अधिकारी अनिल कुमार केरकेटटा सहभागिता के तहत जिला भर में चलाए गए सचेतना कार्यक्रम में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और जिला खदान फंड के अधिकारी व कर्मचारी इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में जुटे हैं।

chat bot
आपका साथी