किसानों ने समझा सब्जी कूलर के उपयोग का तरीका

डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड आसपास स्थायी आजीविका कार्यक्रम विकसित कर समुदायों को सशक्त बनाने को तत्पर है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 10:17 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 10:17 PM (IST)
किसानों ने समझा सब्जी कूलर के उपयोग का तरीका
किसानों ने समझा सब्जी कूलर के उपयोग का तरीका

संसू, राजगांगपुर : डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड आसपास स्थायी आजीविका कार्यक्रम विकसित कर समुदायों को सशक्त बनाने को तत्पर है। इस पहल के तहत कंपनी के सामाजिक दायित्व विभाग (सीएसआर) एवं डालमिया भारत फाउंडेशन द्वारा स्थानीय किसानों के लिए एक प्रदर्शनी यात्रा का आयोजन किया गया। लांजीबरना और राजगांगपुर क्षेत्र के 12 प्रगतिशील सब्जी उत्पादकों को बालिशंकरा ब्लॉक एवं सुंदरगढ़ निकट कनकझुरा गांव का दौरा करवाया गया। वहां किसानों को सफलता से प्रयोग में आ रहे सब्जी कूलर, कम लागत में पानी उठाने वाले ट्रेडल पंप एवं कम लागत वाली जल भंडारण इकाई आदि का अवलोकन कराया गया। साथ ही किसानों को इस टेक्नोलॉजी के फायदे बताए गए। सुंदरगढ़ जिला नाबार्ड, ओडिशा आजीविका मिशन, मिशन शक्ति और रूकार्ट टेक्नोलॉजी के सहयोग से सब्जी उत्पादकों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक शक्ति प्रसन्न महापात्रा ने किसानों को सब्जी कूलर का उपयोग कर अपनी उपज को संरक्षित करने के साथ ही बाजार में उचित मूल्य में बेच कर लाभान्वित होने का परामर्श दिया। ओडिशा आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक सामुएल टोप्पो एवं मिशन शक्ति के अधिकारियों ने इस प्रदर्शनी यात्रा को सफल बनाने में सहयोग किया। रूकार्ट के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास कुमार झा ने प्रदर्शनी में आए किसानों को सब्जी कूलर और ट्रेडल पंप के उपयोग करने तथा इसके लाभ से संबंधित जानकारी दी। ओडिशा मिशन शक्ति की लौह महिला के रूप में परिचित जयंती एक्का ने कार्यक्रम में शामिल होकर किसानों को सब्जी कूलर का उपयोग करने के लिए उत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि सूंदरगढ़ जिला प्रशासन, स्थानीय एनजीओ और रूकार्ट के बीच एक समझौता किया गया है। इसके तहत पहले चरण में, जिले के बालिशंकरा, कुंआरमुंडा और टांगपाली ब्लॉक में किसानों द्वारा 50 से अधिक सब्जी कूलर बनाए गए हैं। आगे 50 और सब्जी कूलर बनाने की योजना है। सब्जी कूलर सुंदरगढ़ जिले में किसानों के लिए मुस्कुराहट लेकर आया है। 100 किलोग्राम सब्जियों को स्टोर करने की क्षमता वाला यह कूलर बाजार में सब्जी बेचने से पहले उसे संरक्षित करने में मदद करता है और एक सप्ताह तक ताजा रखता है। स्वदेश निर्मित यह सब्जी कूलर बिना बिजली से चलता है। प्रदर्शनी स्थल पर मौजूद सभी सरकारी अधिकारियों एवं किसानों ने कंपनी के इस इस प्रयास की सराहना की।

chat bot
आपका साथी