रणजीत नाग को मिला ईला पंडा संगीत सम्मान

संवाद सूत्र संबलपुर राजधानी भुवनेश्वर में संबलपुर माटी के एक और विशिष्ठ कलाकार को कल

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 08:47 PM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 08:47 PM (IST)
रणजीत नाग को मिला ईला पंडा संगीत सम्मान
रणजीत नाग को मिला ईला पंडा संगीत सम्मान

संवाद सूत्र, संबलपुर : राजधानी भुवनेश्वर में संबलपुर माटी के एक और विशिष्ठ कलाकार को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इम्फा लिमिटेड की ओर से विजयादशमी के दिन आयोजित सम्मानजनक 41वें शारला पुरस्कार समारोह में नृत्य व संगीत गुरु और शोधकर्ता रणजीत नाग को ईला पंडा संगीत सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जानेमाने कवि नित्यानंद नायक को सम्मानजनक शारला सम्मान और चित्रकार श्यामसुंदर पटनायक को ईला पंडा चित्रकला सम्मान प्रदान किया गया। संबलपुर शहर के दलेईपाड़ा में जन्में रणजीत नाग की शिक्षा जिला स्कूल और गंगाधर मेहेर कॉलेज में हुई। युवावस्था से ही रणजीत का लगाव नृत्य- संगीत से हो गया और उन्होंने ओडिशा के प्रसिद्ध गोटीपुअ नृत्य की शिक्षा देना शुरु कर दिया। उच्चशिक्षा प्राप्त करने के बाद रणजीत केंद्रीय विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षक के रुप में कार्य करने लगे। इस दौरान नृत्य- संगीत से उनका नाता और अधिक गहरा गया। संबलपुर कला परिषद के सदस्य के रुप में उन्होंने पारंपरिक संबलपुरी नृत्य- डालखाई, माएलाझड, रसरकेली समेत करमा और संचार जैसे नृत्य और संगीत शैली पर शोध भी शुरु कर दिया। वह अपने विद्यार्थियों और साथियों के साथ विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौराकर वहां की मौलिक संस्कृति का भी अध्ययन किया और इसका प्रचार-प्रसार भी किया।

गुरु रणजीत नाग की कला साधना को देखते हुए उन्हें वर्ष 1995 में सरकार की ओर से ओडिशा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। नृत्य व संगीत गुरु के रुप में उन्हें देश के विभिन्न प्रदेशों समेत रुस, इंडोनेशिया, ताजिकिस्तान, काजिकिस्तान, उ•ा्बेकिस्तान, थाईलैंड आदि का दौरा करने का मौका भी मिला।

वर्ष 1980 में ओडिशा के विशिष्ठ उद्योगपति स्वर्गीय डॉ. बंशीधर पंडा और स्वर्गीय ईला पंडा की स्मृति में स्थापित शारला पुरस्कार की स्थापना की गई थी। चलितवर्ष 41 वें शारला पुरस्कार समारोह के अवसर पर गुरु रणजीत नाग को ईला पंडा संगीत सम्मान प्रदान किया गया। इम्फा लिमिटेड द्वारा संचालित इंडियन मेटल्स पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ट्रस्टी परमिता पंडा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें सम्मान स्वरुप मानपत्र और डेढ़ लाख रुपए की पुरस्कार राशि भी प्रदान किया गया।

chat bot
आपका साथी