महानदी के बीच टापू में फंसी 24 गायों को दमकलकर्मियों ने बचाया

महानदी में बाढ़ के पानी की वजह से फंसी 24 गायों को शनिवार के अपराह्न संबलपुर दमकल केंद्र के कर्मचारियों ने बचाकर तट पर पहुंचाया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 04:23 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 04:23 PM (IST)
महानदी के बीच टापू में फंसी 24 गायों को दमकलकर्मियों ने बचाया
महानदी के बीच टापू में फंसी 24 गायों को दमकलकर्मियों ने बचाया

संवाद सूत्र, संबलपुर : महानदी में बाढ़ के पानी की वजह से फंसी 24 गायों को, शनिवार के अपराह्न संबलपुर दमकल केंद्र के कर्मचारियों ने बचाकर तट पर पहुंचाया। यह सभी गायें पिछले तीन दिनों से धमा थाना अंतर्गत अरडा गाव स्थित दुर्गा, दधिवामन मंदिर से करीब दो किमी दूर महानदी के बीच एक टापू में फंसी हुई थीं। अरडा गाव की गायें अक्सर महानदी के बीच एक छोटे से टापू की ओर चरने चली जाती हैं। तीन दिन पहले भी गायों का एक झुंड उस टापू की ओर गया था और भारी बारिश की वजह से वापस लौट नहीं सका। इधर, हीराकुद बाध से भी महानदी में बाढ़ का पानी छोड़े जाने से टापू पूरी तरह पानी से घिर गया था। शनिवार को गाववालों ने इस बारे में संबलपुर दमकल केंद्र को सूचित कर टापू में फंसी गायों को बचाने की गुहार की, तब अपराह्न के समय दमकलकर्मी लाइफ जैकेट और मोटर बोट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टापू में फंसी गायों को महानदी के पानी में उतारा गया और उनकी सुरक्षा करते हुए तट तक पहुंचाया गया। इसके बाद गायों के मालिक उन्हें अपने साथ घर ले गए। पशुपालकों ने त्वरित मदद के लिए दमकलकर्मियों के प्रति आभार प्रकट किया है। दमकल केंद्र के अधिकारी जितेंद्र बिस्वाल के अनुसार, शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम के 5 बजे तक गायों को बचाने का अभियान जारी रहा और समस्त 24 गायों को सुरक्षित बचाकर तट पर लाया गया। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में भारी बारिश के कारण महानदी उफान पर है। इस कारण महानदी तट के किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क किया गया है।

chat bot
आपका साथी