Odisha: पंचायत अधिकारी के पास डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा

Odisha बलांगीर जिला के तुरेकेला ब्लॉक में ग्राम पंचायत संप्रसारण अधिकारी के रूप में कार्यरत गोविंद भोई के पास आय से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है। यह संपत्ति डेढ़ करोड़ से अधिक की बताई गई है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 02:40 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 02:40 PM (IST)
Odisha: पंचायत अधिकारी के पास डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा
पंचायत अधिकारी के पास डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा। फाइल फोटो

संबलपुर, संवाद सूत्र। ओडिशा में बलांगीर जिला के तुरेकेला ब्लॉक में ग्राम पंचायत संप्रसारण अधिकारी के रूप में कार्यरत गोविंद भोई के पास आय से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है। यह संपत्ति डेढ़ करोड़ से अधिक की बताई गई है। इस खुलासे के बाद संबलपुर मंडल विजिलेंस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच- पड़ताल शुरू कर दी है। संबलपुर मंडल विजिलेंस अधीक्षक सारा शर्मा के सूत्र के अनुसार, तुरेकेला ब्लॉक के ग्राम पंचायत संप्रसारण अधिकारी गोविंद भोई के खिलाफ आय से अधिक की संपत्ति होने की शिकायत मिलने के बाद  23 जुलाई को सुबह संबलपुर, बलांगीर, बरगढ़ और सोनपुर विजिलेंस की टीम ने गोविंद भोई के पांच ठिकानों पर जांच-पड़ताल शुरू की और उनके पास आय से अधिक की संपत्ति होने का पता लगाया।

विजिलेंस की टीम ने बलांगीर जिला के कांटाबांजी के पटेल कॉलोनी स्थित गोविंद भोई के दो मंजिलें आलीशान मकान, तुरेकेला ब्लॉक कार्यालय स्थित उनके प्रकोष्ठ समेत पांच ठिकानों पर देर शाम तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान गोविंद भोई और उसके परिवार के सदस्यों के नाम बलांगीर जिला के विभिन्न स्थानों में 10 प्लॉट, दो लक्जरी कार, तीन बाइक, सोने-चांदी के गहने, कीमती घरेलू उपकरण, बैंक खाते, बीमा प्रीमियम आदि का पता चला। विजिलेंस को गोविंद भोई और परिवार के नाम एक करोड़ 57 लाख 80 हजार 855 रुपये की चल-अचल संपत्ति के अलावा आठ लाख 44 हजार 612 रुपये के बीमा प्रीमियम का पता चला। 

गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान करीब 6.15 लाख रुपये के गबन के आरोप में मलकानगिरी पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के संबलपुर शाखा प्रबंधक देवाशीष कुमार साहू को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मंगलवार को मलकानगिरी पुलिस की एक टीम संबलपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से देवाशीष को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। देवाशीष से पूछताछ के बाद उसके खिलाफ भादंवि की धारा- 465, 468, 471 और 420 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2020 में देवाशीष कुमार साहू मलकानगिरी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में शाखा प्रबंधक के रूप मे पदस्थ था। इसी दौरान उसने बैंक के ग्राहक अभिजीत सरकार के अकाउंट से छह लाख 15 हजार 354 रुपये निकाल लिए थे। अप्रैल 2021 में जब ग्राहक को इसका पता चला, तब उसने 30 अप्रैल को मलकानगिरी टाऊन थाना में इस आशय का रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

chat bot
आपका साथी