घूस लेते काटापाली स्वास्थ्य केंद्र का क्लर्क विजिलेंस के हत्थे चढ़ा

मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की खातिर संबंधित व्यक्ति के रिश्तेदार से छह सौ रुपये वसूलते एक क्लर्क को संबलपुर विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को रंगेहाथ पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 09:27 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 09:27 PM (IST)
घूस लेते काटापाली स्वास्थ्य केंद्र  का क्लर्क विजिलेंस के हत्थे चढ़ा
घूस लेते काटापाली स्वास्थ्य केंद्र का क्लर्क विजिलेंस के हत्थे चढ़ा

संवाद सूत्र, संबलपुर : मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की खातिर संबंधित व्यक्ति के रिश्तेदार से छह सौ रुपये वसूलते एक क्लर्क को संबलपुर विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को रंगेहाथ पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

संबलपुर मंडल विजिलेंस के सूत्र के अनुसार, घटना बरगढ़ जिले के काटापाली गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र की है। स्वास्थ्य केंद्र में क्लर्क के रूप में कार्यरत मनोज कुमार स्वाईं के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को क्लर्क मनोज को रिश्वत के रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। बताया गया है कि कुछ दिन पहले सोनपुर जिले के बिनिका थाना अंतर्गत कुरुआं गांव के सुकुनु अमात की मौत हुई थी। सुकुनु की मौत का प्रमाणपत्र पाने के लिए उसके रिश्तेदार नंदमाल गांव निवासी सर्वेश्वर बिशि ने काटापाली स्वास्थ्य केंद्र में आवेदन दिया था। बताते हैं कि सुकुनु का मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के लिए स्वास्थ्य केंद्र का क्लर्क मनोज रिश्वत मांग रहा था। इसी को लेकर सर्वेश्वर ने तीन मार्च को उसके खिलाफ संबलपुर विजिलेंस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर योजना बनाकर विजिलेंस ने आरोपित क्लर्क मनोज को रंगेहाथ पकड़ा।

जालसाजी में अधिवक्ता ब्रजमोहन प्रधान गिरफ्तार

संवाद सूत्र, संबलपुर : जुजुमुरा थाना पुलिस द्वारा जब्त ट्रक को मुक्त कराने की खातिर अदालत का फर्जी आदेश बनाना अधिवक्ता ब्रजमोहन प्रधान को महंगा पड़ गया। पुलिस ने उसकी चालाकी को जानने के बाद गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 19 फरवरी को संबलपुर-कटक राजमार्ग पर जुजुमुरा थाना अंतर्गत मिलिट्री चौक पर एक ट्रक की ठोकर से एक ई- स्कूटी चालक प्रेम कुमार खेती की मौत हो गई थी। इच्छापाल गांव का प्रेम कुमार नई ई-स्कूटी खरीदकर गांव लौट रहा था तभी यह हादसा हुआ था। इस मामले में जुजुमुरा पुलिस ने ट्रक को जब्त करने समेत चालक राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था। बाद में चालक राजेश को अदालत ने जमानत पर रिहा कर दिया था। बताते हैं कि जुजुमुरा थाना पुलिस द्वारा जब्त ट्रक को मुक्त कराने के लिए ट्रक के मालिक ने अधिवक्ता ब्रजमोहन प्रधान से संपर्क किया। इसके बाद ट्रक को मुक्त कराने की खातिर अधिवक्ता ब्रजमोहन ने सदर एसडीजेएम की अदालत का फर्जी आदेश तैयार कर जुजुमुरा थाने पहुंच गया। थानेदार को अदालत के आदेश में लगे मोहर और सदर एसडीजेएम के हस्ताक्षर को देख संदेह हुआ। इस बारे में अदालत के कर्मचारी से संपर्क कर आदेश के बारे में जानकारी ली गई। पुलिस को जब पता चला कि अदालत की ओर से ट्रक को मुक्त करने के कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं तो उसने अदालत के आदेश की जालसाजी करने के आरोप में अधिवक्ता ब्रजमोहन को गिरफ्तार कर लिया।

chat bot
आपका साथी