शहर के पांच थाना क्षेत्रों से पकड़ाए 74 असामाजिक तत्व
शहर समेत आसपास के इलाकों में असामाजिक तत्वों द्वारा नशे की हालत में उपद्रव मचाने मारपीट और लूटपाट करने चोरी- चकारी करने के बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार से शुरु संबलपुर पुलिस के विशेष अभियान को सफलता मिलने लगी है। बीते तीन दिनों के दौरान पुलिस की स्पेशल टीम ने संबलपुर महानगर निगम अंतर्गत विभिन्न थाना इलाकों से 135 असामाजिक तत्वों को पकड़ा।
संवाद सूत्र, संबलपुर : शहर समेत आसपास के इलाकों में असामाजिक तत्वों द्वारा नशे की हालत में उपद्रव मचाने, मारपीट और लूटपाट करने, चोरी- चकारी करने के बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार से शुरु संबलपुर पुलिस के विशेष अभियान को सफलता मिलने लगी है। बीते तीन दिनों के दौरान पुलिस की स्पेशल टीम ने संबलपुर महानगर निगम अंतर्गत विभिन्न थाना इलाकों से 135 असामाजिक तत्वों को पकड़ा। इनमें से कुछ को थाने में लाकर सलाह देने के बाद छोड़ दिया गया है, जबकि अन्य कुछ आदतन असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के इस अभियान से असामाजिक और शरारती तत्वों में खलबली सी मची हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक बाटुला गंगाधर के निर्देश पर शुरु इस धरपकड़ अभियान के तहत रविवार की शाम से देर रात के दौरान स्थानीय अईंठापाली थानेदार योगेश पंडा और उनकी टीम ने 26, टाऊन थानेदार प्रकाश कर्ण और उनकी टीम ने 26, खेतराजपुर थानेदार ममता नायक और उनकी टीम ने 8, धनुपाली थानेदार अनिता प्रधान और उनकी टीम ने 8 और बुर्ला थानेदार कमल कुमार पंडा और उनकी टीम ने 6 लोगों को पकड़ा। इनमें से कइयों को नशे की हालत और असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाया गया। पुलिस के इस अभियान से असामाजिक तत्वों में मची खलबली को देखते हुए लोगों ने पुलिस को असामाजिक तत्वों और उनके अड्डों के बारे में सूचना देकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बुर्ला में युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी : उपनगर बुर्ला के ताल झोपड़ीपाड़ा इलाके में रहने वाले 20 वर्षीय युवक सूरज निहाल ने रविवार के दिन अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसकी खबर लगने के बाद बुर्ला पुलिस ने अपमृत्यु का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद घटना की जांच पड़ताल कर रही है। बताया गया है कि सूरज निहाल टाइल मिस्त्री का काम करता था। रविवार के दिन जब परिवार के लोग कहीं गए थे और सूरज घर में अकेला था तभी उसने फांसी लगा लिया। परिवार वाले जब वापस घर लौटे तब एस्बेस्टस की सीलिग के बीम से सूरज के शव को झूलते देखा तब पुलिस को सूचित किया। सूरज ने एक साड़ी को सीलिग के बीम से बांधकर फांसी लगा लिया था। खुदकुशी की वजह का पता नहीं चल सका है।