प्रकाश प्रधान हत्याकांड में और 3 आरोपित गिरफ्तार

बीते 16 सितंबर की शाम जिला के कतरबगा थाना अंतर्गत पधानपाली चौक के निकट घटित हिंसक झड़प में प्रकाश प्रधान की मौत और उसके साथी धनंजय प्रधान पर हमले के बाद से फरार तीन आरोपितों को गुरुवार को पुलिस ने कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Nov 2021 07:38 AM (IST) Updated:Sat, 20 Nov 2021 07:38 AM (IST)
प्रकाश प्रधान हत्याकांड में और 3 आरोपित गिरफ्तार
प्रकाश प्रधान हत्याकांड में और 3 आरोपित गिरफ्तार

संवाद सूत्र, संबलपुर : बीते 16 सितंबर की शाम, जिला के कतरबगा थाना अंतर्गत पधानपाली चौक के निकट घटित हिंसक झड़प में प्रकाश प्रधान की मौत और उसके साथी धनंजय प्रधान पर हमले के बाद से फरार तीन आरोपितों को गुरुवार को पुलिस ने कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

गौरतलब है कि कतरबगा थाना अंतर्गत पधानपाली गांव का प्रकाश प्रधान सरकारी जमीन पर कब्जा किए बैठा था। इसी को लेकर गांव के कुछ लोग उसके खिलाफ थे। बीते 16 सितंबर की शाम विरोधी गुट पधानपाली चौक के निकट इसका विरोध करने जमा हुए थे। इसकी खबर लगते ही प्रकाश प्रधान, धनंजय प्रधान और उनके साथी घटनास्थल पर पहुंचे। विरोधी गुट के साथ प्रकाश प्रधान गुट की बहस शुरू हो गई और यह बहस थोड़ी देर में खूनी झड़प में तब्दील हो गई। विरोधी गुट के लोगों ने प्रकाश प्रधान के गुट पर कुल्हाड़ी, भुजाली, लाठी- डंडे से हमला कर दिया। ऐसे में प्रकाश और उसके गुट को जान बचाकर भागना पड़ा। विरोधी गुट ने भागते प्रकाश और उसके साथी धनंजय को पधानपाली पीडब्ल्यूडी रोड पर घेर लिया और हमला कर दिया। दोनों के अचेत हो जाने के बाद विरोधी गुट के लोग फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रकाश और धनंजय को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्रकाश की मौत हो गई। इसकी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने विरोधी गुट के अशोक प्रधान, दुष्मंत भोई और भीष्मजीत भोई को गिरफ्तार किया था, लेकिन अन्य कुछ फरार थे।

इस झड़प में मृत प्रकाश प्रधान के परिवार वाले फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस बारे में आरडीसी, डीआइजी और एसपी से बारंबार गुहार के बाद पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश के लिए स्पेशल टीम का गठन किया। इसी टीम ने बुधवार को फरार आरोपित भोजराज प्रधान, गजराज प्रधान और रुक्मण प्रधान को खोज निकाला। उनकी निशानदेही पर एक कुल्हाड़ी भी जब्त की गई, जिससे प्रकाश और धनंजय पर हमला किया गया था। तीनों से पूछताछ के बाद उन्हें गुरुवार के दिन कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।

chat bot
आपका साथी