बराह शिकारी के फंदे में फंसकर युवक गंभीर

सुंदरगढ़ वन मंडल में बराह शिकार के लिए डाले गए फंदे में फंसने से एक युवक जख्मी हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 08:37 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 08:37 AM (IST)
बराह शिकारी के फंदे में फंसकर युवक गंभीर
बराह शिकारी के फंदे में फंसकर युवक गंभीर

जागरण संवाददाता, राउरकेला : सुंदरगढ़ वन मंडल में बराह शिकार के लिए डाले गए फंदे में फंसने से एक युवक जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए सुंदरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेमगिर थाना क्षेत्र के तुंबापाली गांव की इस घटना में पुलिस शिकारी को गिरफ्तार करने के साथ ही इसकी जांच कर रही है। बता दें कि 23 अगस्त को किजिरकेला के टांगरजोर गांव में भी बराह के फंदे में फंसकर युवक की मौत हुई थी।

सुंदगढ़ जिले में वन्य जीव के शिकार के लिए लोग बिजली करंट वाले फंदे लगा रहे हैं। इसकी चपेट में आने से आम लोगों के साथ साथ वन्य जंतु भी मर रहे हैं। सप्ताह भर पहले बणई वन क्षेत्र में दंतैल हाथी की करंट वाले फंदे में फंसने से मौत हुई थी। रविवार को हेमगिर थाना क्षेत्र में तुंबापाली गांव में शौच के लिए गए निधि पुजारी नामक युवक बिजली करंट वाले फंदे की चपेट में आ गया एवं वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिवार वालों को इसका पता चलते ही उसे इलाज के लिए सुंदरगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा आरोपित गयानंद को गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 23 अगस्त 2021 को किजिरकेला थाना क्षेत्र के टांगरजोर गांव में सुभाष प्रधान के द्वारा बराह फंसाने के लिए लगाए गए फंदे में फंसने से ललीन्द्र कालो की मौत हो गई थी। ललीन्द्र के पिता धरणीधर कालो ने इस संबंध में थाने में शिकायत की गई थी। इससे पहले सुंदरगढ़ जिले के भष्मा थाना क्षेत्र में बराह शिकारियों के फंदे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो चुकी है।

chat bot
आपका साथी