मासूमों के सौदागर महिला गिरोह का फंडाफोड़

शहर के विभिन्न बस्ती क्षेत्र से जरूरतमंद व कुंवारी मां के मासूमों का सौदा करने वाले गिरोह का प्लांट साइट थाना की पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 07:15 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 07:15 AM (IST)
मासूमों के सौदागर महिला गिरोह का फंडाफोड़
मासूमों के सौदागर महिला गिरोह का फंडाफोड़

जागरण संवाददाता, राउरकेला : शहर के विभिन्न बस्ती क्षेत्र से जरूरतमंद व कुंवारी मां के मासूमों का सौदा करने वाले गिरोह का प्लांट साइट थाना की पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इसमें शहर के संपन्न परिवार की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक आरोपित फरार है। ये महिलाएं 40 हजार से तीन लाख रुपये तक में बच्चों का सौदा करती थी एवं उन्हें जरूरतमंदों को बेच देती थीं।

राउरकेला में मासूमों के सौदागरों के सक्रिय होने की जानकारी मिलने के बाद पूर्व पार्षद प्रमिला दास ने इसकी सूचना 21 जुलाई को प्लांट साइट थाना की पुलिस को दी थी। इसके आधार पर पुलिस छानबीन कर रही थी। गांधी रोड इलाके से एक कुंवारी मां से 30 हजार रुपये में शिशु को खरीद कर उसे ढाई लाख रुपये में बेचा गया था पर पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही महिलाएं निकल गई थी एवं पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा था। रविवार की रात को भी इसी तरह से टिबर कालोनी में एक शिशु को खरीदने के लिए महिलाएं पहुंची थी। प्रमिला दास ने इसकी जानकारी पुलिस को दी एवं घात लगाकर चारों को पकड़ लिया गया। टिबर कालोनी की सीमा खुंटिया की शिकायत के आधार पर प्लांट साइट थाना पुलिस के द्वारा नीता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, सरिता अग्रवाल व संगीता अग्रवाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। इनके द्वारा शहर व आसपास में दो दर्जन से अधिक मासूमों का सौदा किए जाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस को जानकारी मिली है कि बेटी का 30 से 40 हजार रुपये व बेटे का ढाई से तीन लाख रुपये सौदा होता था। मासूमों को अवैध तरीके से किनके हाथ दिया गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। कहा जा रहा है कि जरूरतमंद लोगों को बच्चा दिलाने के लिए महिलाओं ने सेवा का काम शुरू किया था पर उन्हें यह मालूम नहीं था कि यह अपराध है और इसका खुलासा होने के बाद उन्हें गिरफ्तार होना पड़ा।

chat bot
आपका साथी