सब्जी विक्रेताओं को साप्ताहिक बाजार में किया गया स्थानांतरित

कोविड संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 10:02 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 10:02 PM (IST)
सब्जी विक्रेताओं को साप्ताहिक बाजार में किया गया स्थानांतरित
सब्जी विक्रेताओं को साप्ताहिक बाजार में किया गया स्थानांतरित

संसू, राजगांगपुर : कोविड संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। लॉकडाउन में अत्यावश्यक सामग्रियों की खरीद-बिक्री के लिए सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक की अनुमति दी गई है। इस दौरान कोविड नियमों का पालन करना अनिवार्य है। जैसे मास्क पहनना और शारीरिक दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। इस कड़ी में सब्जी विक्रेता शहर के प्रमुख स्थानों पर सड़क के किनारे बैठकर सब्जी बेच रहे थे। इससे इन स्थानों पर भीड़ लगने लगी थी। इसे देखते हुए नगरपालिका की ओर से सोमवार से इन सब्जी विक्रेताओं को साप्ताहिक बाजार में कोविड नियम का पालन करते हुए अपना उत्पाद बेचने की अनुमति दी गई है।

शवदाह के लिए तीन सौ क्विंटल लकड़ी प्रदान : कोरोना मरीजों के दाह संस्कार में नियोजित श्मशान बंधुओं की देश-दुनिया में प्रशंसा हो रही है। उनसे प्रेरित होकर कई लोग मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं। इस बीच ट्रांसपोर्ट मालिक एवं युवा व्यवसायी संजय नंद ने कोरोना मरीजों के अंतिम संस्कार के लिए सुंदरगढ़ के श्मशान घाट को तीन सौ क्विंटल कड़ी प्रदान किया है।

संक्रमण का भय न कर श्मशानबंधु कोरोना मरीजों का दाह संस्कार कर रहे हैं। उनकी सुरक्षा के लिए संजय नंद ने 10 लीटर सैनिटाइजर, हैंड ग्लब्स समेत अन्य सामग्री भी दी है। सुंदरगढ़ के रानी बगीचा स्थित श्मशान घाट स्वर्गद्वार पर हर दिन बड़ी संख्या में शव दाह संस्कार के लिए लाए जा रहे हैं। इसके लिए 40 से 50 क्विंटल लकड़ी की जरूरत पड़ रही है। इसके चलते कभी-कभी लकड़ी की कमी पड़ जाती है। स्थिति से अवगत कराने के लिए श्मशान बंधुओं की ओर से फेसबुक एवं वाट्सएप पर लोगों से लकड़ी देने का अनुरोध किया गया था। इससे प्रेरित होकर संजय नंद ने सहयोग किया। विभिन्न वर्ग के लोगों के द्वारा शवदाह के लिए आवश्यक सामग्री लकड़ी, कपूर, घी, सैनिटाइजर, ग्लब्स, मास्क, पीपीइ किट भी प्रदान करते आ रहे हैं। डेली मार्केट के छोटे सब्जी विक्रेता, सरकारी बस स्टैंड के दुकानदार, नारी कल्याण केंद्र के पास के दुकानदारों के द्वारा भी 12 क्विंटल से अधिक लकड़ी प्रदान की गई है।

chat bot
आपका साथी