राउरकेला महानगर निगम चुनाव फिर लटका

राउरकेला महानगर निगम के गठन के बाद अब तक एक बार भी चुनाव नहीं हुआ है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 07:06 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 07:06 AM (IST)
राउरकेला महानगर निगम चुनाव फिर लटका
राउरकेला महानगर निगम चुनाव फिर लटका

जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला महानगर निगम के गठन के बाद अब तक एक बार भी चुनाव नहीं हुआ है। सीमा निर्धारण को लेकर विवाद अदालत में लंबित होने के कारण राज्य भर में होने वाले नगर पालिका व नगर निगम के चुनाव के साथ राउरकेला नगर निगम का चुनाव नहीं होगा। 2013 में नगर निगम गठन की प्रक्रिया शुरू हुई थी और 2014 से मामला अदालत में लंबित है। 9 नवंबर से सीमा निर्धारण एवं आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद चुनाव कराने पर विचार होगा। नगर निगम में निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं होने के कारण विकास काम प्रभावित हो रहा है। अधिकारी मनमाने ढंग से काम करा रहे हैं।

ओडिशा में विज्ञापित क्षेत्र, नगर पालिका एवं नगर निगम चुनाव के लिए तैयारियां शुरू की गई है। इसके लिए तीन नगर निगम आयुक्त एवं सभी जिले के जिलापाल को तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। पांच नगर निगम में से कटक, भुवनेश्वर एवं ब्रह्मपुर नगर निगम में सीमा निर्धारण एवं आरक्षण के संबंध तथ्य 15 नवंबर तक गृह एवं नगर विकास विभाग को सौंपना होगा। 10 दिसंबर को सूची प्रस्तुत किया जाएगा तथा इस पर 19 दिसंबर तक आपत्ति जतायी जाएगी। 20 जनवरी 2022 से पहले अंतिम विज्ञप्ति जारी की जानी है। राउरकेला, संबलपुर महानगर निगम एवं केंद्रपाड़ा व नुआपाड़ा नगरपालिका, ओड़गां अधिसूचित क्षेत्र के सीमा विवाद का मामला अदालत में लंबित होने के कारण यहां चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं की सकी है। राउरकेला महानगर निगम गठन के बाद से एक बार भी यहां चुनाव नहीं हो पाया है। बगैर निर्वाचित प्रतिनिधि व काउंसिल के विकास योजनाओं को सही दिशा नहीं मिल पा रही है। स्मार्ट सिटी व नगर निगम क्षेत्र के लिए मिली राशि का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। अधिकारी व ठेकेदार मनमाने ढंग से कोष का उपयोग कर रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र में सीमा निर्धारण का काम पूरा होने के बाद स्थिति को लेकर भी तरह तरह की चर्चा है। नगर निगम चुनाव कराने को लेकर भी राजनेता चुप्पी साधे हुए हैं।

chat bot
आपका साथी