आरोपित की गिरफ्तारी की मांग पर धरना

कुचिडा में ससुराल वालों के असहनीय उत्पीड़न के चलते बीरमित्रपुर बाजार निवासी संजीत राय की बहन संतोषी राय वापस मायके आ गई है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 23 Nov 2021 07:24 AM (IST) Updated:Tue, 23 Nov 2021 07:24 AM (IST)
आरोपित की गिरफ्तारी की मांग पर धरना
आरोपित की गिरफ्तारी की मांग पर धरना

संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : कुचिडा में ससुराल वालों के असहनीय उत्पीड़न के चलते बीरमित्रपुर बाजार निवासी संजीत राय की बहन संतोषी राय वापस मायके आ गई है। पति जयप्रकाश राय के खिलाफ उसने उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पुलिस द्वारा शुक्रवार से रविवार तक थाना में रखकर पूछताछ करने के बाद छोड़ दिए जाने पर पीड़िता के परिवार के लोग थाना पहुंचकर धरना दिया। शाम को एसडीपीओ मानस रंजन प्रधान ने अपने स्तर पर घटना की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। तब लोग शांत हुए। बीरमित्रपुर की संतोषी राय की शादी 23 अप्रैल 2015 को कुचिडा निवासी जयप्रकाश राय से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। विवाद के समाधान के लिए समाज के लोगों ने काफी प्रयास किया एवं कई बार बैठक भी हुई। इसके बावजूद उत्पीड़न कम नहीं हुआ। इससे संजीत राय उसे अक्टूबर महीने में मायके ले आया और इस संबंध में बीरमित्रपुर थाने में लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी। बीरमित्रपुर पुलिस गुरुवार को कुचिडा गई थी एवं जयप्रकाश को लेकर बीरमित्रपुर थाना पहुंची। यहां तीन दिन तक रखने के बाद रविवार को छोड़ दिया गया। इस संबंध में पूछताछ करने पर पुलिस द्वारा उसे कोर्ट में पेश करने की जानकारी दी गई। छानबीन करने पर पता चला कि उसे थाना से ही छोड़ दिया गया है। पीड़िता के परिवार के लोगों में इसे लेकर रोष देखा गया एवं थाना पहुंचकर धरना दिया। शाम को एसडीपीओ मानस रंजन प्रधान उनके बीच जाकर फिर से मामले की अपने स्तर पर जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

chat bot
आपका साथी