ब्राह्मणी नदी तट के सौंदर्यीकरण की तैयारी

राउरकेला को ओडिशा की दूसरी स्मार्ट सिटी की मान्यता मिली है। इसके बाद से ही शहरवासियों को स्मार्ट सुविधा देने के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए काम किए जा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 06:31 AM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 06:31 AM (IST)
ब्राह्मणी नदी तट के सौंदर्यीकरण की तैयारी
ब्राह्मणी नदी तट के सौंदर्यीकरण की तैयारी

जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला को ओडिशा की दूसरी स्मार्ट सिटी की मान्यता मिली है। इसके बाद से ही शहरवासियों को स्मार्ट सुविधा देने के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए काम किए जा रहे हैं। इसमें ब्राह्मणी नदी के तट का सौंदर्यीकरण भी शामिल किया गया है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से इसका खाका तैयार कर लिया गया है। करीब 750 मीटर लंबे तट पर आध्यात्मिक परिवेश के साथ-साथ होटल, दुकान, म्यूजिकल फाउंडेशन आदि बनाने की योजना है।

ब्राह्मणी नदी तट से कुछ ही दूरी पर वेदव्यास त्रिवेणी संगम है। यहां चंद्रशेखर व बालुंकेश्वर महादेव मंदिर, सरस्वती कुंड व मंदिर, महर्षि वेदव्यास की तपोभूमि व गुफा के साथ विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिर हैं। यहां हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ब्राह्मणी नदी के दूसरे तट का सौंदर्यीकरण व विकास का काम होने से पर्यटक भी यहां आकर शांति से समय गुजार सकेंगे। पानपोष में दूसरे ब्राह्मणी पुल के निर्माण के साथ ही तटबंध के सौंदर्यीकरण की योजना बन रही थी। पुल निर्माण स्थल के परिवर्तन के साथ ही तटबंध के विकास का काम भी धीमा हो गया। महानगर निगम की ओर से फिर से इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर दिलचस्पी दिखाई जा रही है। तट को पांच भागों में बांटा गया है। इसमें छोटे होटल, खुले थिएटर, नदी तट पर फूटपाथ, आध्यात्मिक परिवेश का विकास, म्यूजिकल फाउंडेशन, एलईडी लाइट, दुकानें आदि शामिल हैं। स्मार्ट सिटी में बिरसा मुंडा स्टेडियम के विकास के साथ ही हनुमान वाटिका, सेक्टर-3 जगन्नाथ मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, देवगांव धवलेश्वर शिव मंदिर, बसंती कालोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। ब्राह्मणी नदी तट भी इसी कड़ी में शीघ्र जुड़ने वाला है।

chat bot
आपका साथी