स्मार्ट सिटी की सड़कों पर लावारिश मवेशियों का अन्ना राज

स्मार्ट सिटी राउरकेला में लावारिश मवेशी यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 10:07 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 10:07 PM (IST)
स्मार्ट सिटी की सड़कों पर लावारिश मवेशियों का अन्ना राज
स्मार्ट सिटी की सड़कों पर लावारिश मवेशियों का अन्ना राज

जागरण संवाददाता, राउरकेला : स्मार्ट सिटी, राउरकेला में लावारिश मवेशी यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। राउरकेला महानगर निगम का कांजीहाउस तीन साल से बंद है। जुर्माना का भय नहीं होने से पशु पालक मवेशियों को लावारिश छोड़ दे रहे हैं। इससे रिग रोड, मेन रोड समेत अन्य सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा देखा जा सकता है। सड़क सुरक्षा माह के मौके पर भी इसका ख्याल नहीं रखा जा रहा है जिससे दुर्घटना की संभावना बनी हुई है।

राउरकेला महानगर निगम की ओर से वर्ष 2015-16 में तत्कालीन कार्यपालक अधिकारी विजय कुमार स्वाईं के प्रयास से बालूघाट में कांजीहाउस का निर्माण किया गया था। इसके संचालन के लिए आठ कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी तथा मवेशियों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पकड़कर लाने के लिए वाहन का भी प्रबंध किया गया था। हर दिन 10 से 15 मवेशियों को विभिन्न क्षेत्रों से पकड़कर लाया जाता था। हर महीने दो से तीन सौ मवेशी पकड़े जाते थे। प्रत्येक मवेशी पर पांच सौ रुपये जुर्माना लिया जाता था। वर्ष 2015-16 में 2.80 लाख, 2016-17 में 1.18 लाख रुपये तथा वर्ष 2017-18 में 19 हजार रुपये ही वसूली की गई थी।

करीब तीन साल से यह कांजी हाउस बंद है। इसके संचालन तथा मवेशियों को पकड़ कर लाने के लिए आठ कर्मचारी नियुक्त हैं पर इनका कोई काम नहीं है। कभी कभी काउ कैचर वाहन लेकर वे घूम जाते हैं। पकड़े गए मवेशियों को रखने का यहां कोई प्रबंध नहीं किया गया है। इस कारण उन्हें शहर से दूर लेकर छोड़ना मजबूरी हो गई है। राउरकेला इस्पात संयंत्र की ओर से भी कांजीहाउस की नीलामी की जाती थी तथा पंथ निवास के पास लावारिश मवेशियों को रखने का प्रबंध था पर यह भी पांच साल से बंद है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद खटाल तथा पशु पालक अपने मवेशियों को केवल दूध के समय घरों में रखते हैं। इसके चरने के लिए छोड़ देते हैं। सुबह से शाम तक इन मवेशियों की परवाह उन्हें नहीं होती है। बंडामुंडा रोड शिवशंकर बस्ती, डेली मार्केट, बसंती कालोनी, पानपोष बाइपास रोड, सिविल टाउनशिप, बिरजापाली, मालगोदाम, मधुसूदनपाली, ट्रैफिक मार्केट, प्लांट साइट रोड, गोपबंधुपल्ली, रेलवे कालोनी में खटाल के साथ पशु पालकों की संख्या अधिक है। मवेशियों को छोड़ देने के कारण रिग रोड, मेन रोड सहित शहर की अन्य सड़कों पर ये खुलेआम घूमते देखे जा सकते हैं। आरएसपी कर्मियों के ड्यूटी पर जाने व आने के दौरान भीड़ अधिक रहती है तब दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। मवेशियों के चलते दुर्घटना के बावजूद इस पर नगर निगम और आरएसपी प्रबंधन की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। राउरकेला महानगर निगम का कांजी हाउस बंद है। लावारिश मवेशियों को पकड़ने के लिए नगर निगम की ओर से समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। राउरकेला इस्पात संयंत्र एवं नगर निगम की ओर से बड़ा कांजी हाउस एवं मवेशियों को पकड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। शीघ्र ही इसका निर्माण होगा।

सुधांशु भोई, डिप्टी कमिश्नर, राउरकेला महानगर निगम।

chat bot
आपका साथी