Odisha: कोरोना संक्रमण से पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संजीव वार्ला का निधन

Odisha ओडिशा में पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संजीव वार्ला का कोरोना वायरस संक्रमण से रविवार को निधन हो गया। वे भाई की मंगनी में शामिल होने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के कुतरा प्रखंड के कटांग गांव आए थे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 09:38 PM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 09:38 PM (IST)
Odisha: कोरोना संक्रमण से पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संजीव वार्ला का निधन
कोरोना संक्रमण से पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संजीव वार्ला का निधन। फाइल फोटो

राउरकेला (सुंदरगढ़), जागरण संवाददाता। Odisha: पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संजीव वार्ला का कोरोना संक्रमण से रविवार को निधन हो गया। वे भाई की मंगनी में शामिल होने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के कुतरा प्रखंड के कटांग गांव आए थे। अपनी शादी की दूसरी सालगिरह के दिन ही उनकी कोरोना से इलाज के दौरान राउरकेला के जेपी अस्पताल में मौत हो गई। उनके निधन से हॉकी प्रेमियों में शोक है। बताया गया कि कटांग गांव के लाखोटोली निवासी संजीव वार्ला की 12 अप्रैल को तबीयत खराब हो गई। दूसरे दिन 13 अप्रैल को उन्हें राजगांगपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोरोना संक्रमण की जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सांस लेने में परेशानी होने के कारण 15 अप्रैल को राउरकेला के जेपी अस्पताल में भर्ती कराए गए। यहां इलाज के दौरान रविवार (दो मई) को मौत हो गई। कोविड दिशा निर्देशों के तहत वेदव्यास घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। दो मई को ही उनकी शादी की दूसरी सालगिरह थी।

उल्लेखनीय है कि संजीव वर्ष 2005 से 2010 तक स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) के हॉकी अकादमी के छात्र थे। उस समय उन्होंने कई सब जूनियर व जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नेतृत्व किया था। वर्ष 2007 में गुणुपुर आंध्र प्रदेश तथा वर्ष 2008 में हैदराबाद में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में शामिल थे। 2009-10 में पाकिस्तान दौरे के लिए राष्ट्रीय शिविर के लिए उनका चयन हुआ था। पाकिस्तान का दौरा रद होने के कारण अंतरराष्ट्रीय मैच में शामिल होने का मौका खो दिए। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन के चलते 2011 में पश्चिम रेलवे मुंबई में उन्हें नौकरी मिली थी। तब से रेलवे के लिए ही खेल रहे थे। दो मई 2019 को राजगांगपुर के झारबेड़ा निवासी और बैंक कर्मचारी अनंती केरकेटा के साथ उनका विवाह हुआ था। उन्हें आठ माह की एक बेटी है। 

16 टैंकरों के जरिये छह राज्यों को भेजी गई 266.23 टन आक्सीजन

ओडिशा के राउरकेला स्टील प्लांट की ओर से हर दिन विभिन्न राज्यों के लिए आक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। एक मई को रिकार्ड 384.86 टन ऑक्सीजन आपूर्ति के बाद दो मई को भी 16 टैकरों के जरिये ओडिशा समेत छह राज्यों को 266.23 आक्सीजन की आपूर्ति की गई। सबसे ज्यादा 83.07 टन आक्सीजन तेलंगाना, 63.82 टन हरियाणा, 45.23 टन उत्तर प्रदेश, 38.04 टन ओडिशा के विभिन्न जिलों, 25.90 टन छत्तीसगढ़ तथा 20.17 टन आक्सीजन मध्य प्रदेश भेजी गई। यह जानकारी राउरकेला स्टील प्लांट की ओर से दी गई है। 

chat bot
आपका साथी