ब्राह्मणी में पुण्य की डुबकी लगा लोगों ने किया दान

मकर संक्रांति के अवसर पर शहरवासियों ने गुरुवार को तड़के पानपोष स्थित ब्राह्मणी नदी में आस्था की डुबकी लगाई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 09:50 PM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 09:50 PM (IST)
ब्राह्मणी में पुण्य की डुबकी लगा लोगों ने किया दान
ब्राह्मणी में पुण्य की डुबकी लगा लोगों ने किया दान

जागरण संवाददाता, राउरकेला : मकर संक्रांति के अवसर पर शहरवासियों ने गुरुवार को तड़के पानपोष स्थित ब्राह्मणी नदी में आस्था की डुबकी लगाई। शहर में ठंड अधिक होने के बावजूद लोगों में मकर संक्रांति को लेकर उत्साह दिखा। बड़ी संख्या में लोगों ने नदी-पोखर में डुबकी लगाने के बाद सूर्य देव को अ‌र्घ्य देकर यथा संभव दान-पुण्य किया।

इस दौरान शहर के मंदिरों में भी काफी गहमागहमी दिखी। लोगों ने अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। हालांकि मंदिरों सहित नदी घाटों पर सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं होने से श्रद्धालुओं में रोष देखा गया।

शहर के विभिन्न जगहों में लोगों के साथ-साथ व्यापारी संघ, स्वर्णकार संघ समेत स्वेच्छासेवियों की ओर से लोगों के बीच खिचड़ी और गुलगुला का वितरण किया गया। कोविड गाइडलाइन के कारण मुख्यमार्ग में लोगों को चलते हुए खिचड़ी और गुलगुला का प्रसाद बांटा गया। वहीं, लोगो ने घरों में दही, चूड़ा और तिलकुट खाने के साथ मित्रों और पड़ोसियों के साथ मिलकर मकर संक्रांति का पर्व मनाया। बच्चों में पतंगबाजी का उत्साह देखा गया। बड़ों के साथ बच्चों ने पतंगबाजी कर मकर संक्रांति का पर्व मनाया। राजगांगपुर में लंगर आयोजन : मकर संक्रांति के अवसर पर राजगांगपुर के भट्टापाड़ा स्थित गुरुद्वारा में श्री गुरुसिंह सभा की ओर से मकर संक्रांति के अवसर पर लंगर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भजन कीर्तन में सैकड़ों की संख्या में सिख समाज सहित अन्य समुदाय के लोगों ने शामिल होकर गुरुद्वारा में मत्था टेका तथा लंगर छका। कमेटी के कुलदीप सिंह ,राकेश नंदा सहित बीजद के नगर अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा ,सुधीर साह, अब्दुस सलाम, राजेंद्र लेंका, राजेंद्र मोहंती, दीपू विश्वास प्रमुख सक्रिय रहे।

chat bot
आपका साथी