पुरी में अमित शाह बोले, ओडिशा में गरीबी के लिए नवीन पटनायक जिम्मेदार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नवीन पटनायक सरकार को एक क्षण शासन करने का अधिकार नहीं है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Mon, 24 Sep 2018 02:43 PM (IST) Updated:Mon, 24 Sep 2018 06:49 PM (IST)
पुरी में अमित शाह बोले, ओडिशा में गरीबी के लिए नवीन पटनायक जिम्मेदार
पुरी में अमित शाह बोले, ओडिशा में गरीबी के लिए नवीन पटनायक जिम्मेदार

जासं, भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की श्रीक्षेत्र धाम पुरी में आयोजित होने वाली दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महिला मोर्चा को गुरुमंत्र देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को विशेष विमान से भुवनेश्वर पहुंचे। भुवनेश्वर एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही वहां पर पहले से तैनात भाजपा नेता, कार्यकर्ता ए​वं विशेष रूप से आशा कर्मचारियों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, भाजपा राज्य अध्यक्ष बसंत पंडा, भाजपा विधायक दल के नेता कनक वर्द्धन सिंहदेव, भाजपा राज्य उपाध्यक्ष समीर महांती के साथ तमाम भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। एयरपोर्ट के बाहर ढोल नगाड़े के शोर से पूरा परिसर गुंजयमान हो रहा था। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही आशा कर्मचारियों ने फूलों का हार पहनाकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।

इसके बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिल सड़क मार्ग से रोड शो करते हुए श्रीक्षेत्र धाम पुरी के लिए रवाना हुआ। एयरपोर्ट से निकलने के बाद रास्ते में जगह-जगह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए भाजपा नेता व कार्यकर्ता के साथ समर्थक मौजूद रहे। जगह-जगह शाह के काफिले पर फूलों की बारिश की गई।

अमित शाह ने नवीन पटनायक पर साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी की पुरी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सीधे तौर पर नवीन पटनयाक सरकार पर हमला बोला। शाह ने कहा कि इतनी संख्या में महिलाओं की किसी सभा में उपस्थिति मैंने इससे पहले नहीं देखी थी। इससे साबित होता है कि नवीन बाबू के विफल सरकार के खिलाफ महिलाओं के मन में आक्रोश है। यह संख्या बताती है कि 2019 में नवीन बाबू आपका जाना तय है। हमारी ये बहनें मेहनत करेंगी तो 2019 में ओडिशा में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा और देश में भाजपा का प्रधानमंत्री होगा। शाह ने इस अवसर पर 12 अक्टूबर को राजमाता सिंधिया के जन्मशती वर्ष को पूरे देश में मनाने की घोषणा की।

शाह ने कहा कि नवीन पटनायक सरकार को एक क्षण शासन करने का अधिकार नहीं है। शाह ने कहा कि जो राज्य खनिज संपत्ति से परिपूर्ण हो, वहां का भाई-बहन आज गरीब अवस्था में जी रहा है, इसके जिम्मेदार नवीन सरकार है। नरेंद्र मोदी सरकार ने तय किया है कि देश के किसानों को हम डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देंगे। हजारों करोड़ रुपये भारत सरकार ओडिशा सरकार को भेजने वाली है। उसे खर्च करने के लिए स्वच्छ सरकार चाहिए। किसानों की समस्या पर बोलते हुए कहा कि किसानों को को डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का निर्णय केंद्र सरकार ने लिया है, नवीन बाबू वह यदि किसानों को नहीं मिला तो फिर हमारे कार्यकर्ता आपके ईंट से ईंट बजा देगें।

अफसरसाही पर किया हमला
शाह ने राज्य में चल रही अफसरसाही पर हमला करते हुए कहा कि यहां कलेक्टर राजा बने हैं, लोकतंत्र का मजाक बनाकर रख दिया गया है। शासन यहां जनता के प्रतिनिधि नहीं करते हैं, नौकरशाही कर रही है। मैं शासन के लोगों को भी चेता दे रहा हूं, भाजपा की सरकार आने वाली है तब ऐसा नहीं होगा। हमारे 14 कार्यकर्ताओं की हत्या नवीन बाबू की पार्टी ने करवायी है। शाह ने कहा कि हिंसा जितना फैलाओगे भाजपा उतना मजबूत होकर सामने आएगी। 4 लाख 45 हजार 865 करोड़ रुपये चार साल में ओडिशा को भाजपा सरकार ने दिया है, मगर यह पैसा लोगों तक नहीं पहुंचा है। इस पैसे को नवीन बाबू के अफसरसाही खा जाते हैं। पूरे देश में 129 से ज्यादा योजनाएं भाजपा लेकर आई है, मगर ओडिशा में यह नीचे तक नहीं पहुंच पा रही है। 

कहा, विकास में नहीं महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार व छेड़खानी में ओडिशा अव्वल है
शाह ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में विकास के क्षेत्र में नहीं बल्कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार व छेड़खाने के मामले में अव्वल है। महिलाओं के साथ छेड़खानी के मामले में तो ओड़िशा देश में पहले स्थान पर है। गैंगरेप में पांचवें स्थान पर है। शाह ने कहा कि नवीन बाबू ओड़िशा को विकास के क्षेत्र में पहले नंबर पर नहीं ला सकते हैं तो फिर आपको सत्ता में बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। शाह ने कहा कि महिलाओं पर उत्पीड़न बढ़ रहा है तो दूसरी ओर मोदी जी महिलाओं के लिए एक से एक योजनाएं ला रही हैं। आशा बहनों के मानदेय को दुगुना कर महिलाओं को सम्मान करने का काम मोदी सरकार ने किया है।

chat bot
आपका साथी