जलाशयों का काम पूरा नहीं हुआ तो दोषियों के खिलाफ होगी आवश्यक कार्रवाई : जिलाधीश

झारसुगुड़ा जिलाधीश सरोज कुमार सामल ने रविवार को झारसुगुड़ा ब्लॉक की राजपुर पंचायत में विभिन्न मनरेगा कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विभिन्न अनियमितताओं की ओर जिलाधीश का ध्यान आकर्षित किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 06:00 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 06:00 AM (IST)
जलाशयों का काम पूरा नहीं हुआ तो दोषियों के खिलाफ होगी आवश्यक कार्रवाई : जिलाधीश
जलाशयों का काम पूरा नहीं हुआ तो दोषियों के खिलाफ होगी आवश्यक कार्रवाई : जिलाधीश

संसूृ : ब्रजराजनगर : झारसुगुड़ा जिलाधीश सरोज कुमार सामल ने रविवार को झारसुगुड़ा ब्लॉक की राजपुर पंचायत में विभिन्न मनरेगा कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विभिन्न अनियमितताओं की ओर जिलाधीश का ध्यान आकर्षित किया। इस क्रम में जिलाधीश से दो वर्ष पूर्व जिला खनिज निधि के माध्यम से राजपुर व बघराचका गांव के तालाबों का पुनरुद्धार कार्य सही ढंग से न होने की शिकायत भी की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाबो में हल्की-फुल्की खोदाई कर ठेकेदार ने धोखा दिया है। शिकायत के बाद जिलाधीश ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि ग्रीष्म ऋतु से पूर्व दोनों जलाशयों का काम पूरा किया जाएगा। यदि जलाशयों का काम पूरा नहीं हुआ तो दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, राजपुर कांटापाली के खेल मैदान की 14 एकड़ जमीन को स्थानीय लोगों द्वारा जबरन अतिक्रमण कर संकुचित करने का आरोप लगाया गया। इस दौरान जिलाधीश ने वर्षा जल संरक्षण कर भूमिगत जलस्तर को बढ़ाने के उद्देश्य से आमदरहा जंगल में मनरेगा के माध्यम से जारी छोटे-छोटे गड्ढों की खोदाई से संबंधित कार्य का भी जायजा लिया। आमदरहा गांव में मनरेगा के तहत तैयार किए जा रहे फुटबॉल मैदान के कार्य का भी जिलाधीश ने जायजा लिया। उन्होंने मैदान में घास लगाने व मैदान के चारों ओर मिट्टी से गैलरीनुमा स्थल विकसित करने का निर्देश दिया। समिति सदस्य गणेश राम बाग ने राजपुर व बघराचका में पेयजल व्यवस्था का लाखों रुपया बकाया रहने की जानकारी देते हुए बिजली कनेक्शन काटने की संभावना बताई। जबाब में स्थानीय लोगों को बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया गया। वर्षा ऋतु में फुटबॉल मैदान में जमा पानी के निष्कासन के लिए बनाए जा रहे नाले का भी जिलाधीश ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगो को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर डीआरडीए के प्रकल्प निदेशक तपिराम माझी, राजपुर समिति सदस्य गणेश राम बाग, सहायक प्रखंड विकास अधिकारी भजमन किसान, एपीओ निवेदिता पंडा, कनिष्ठ अभियंता फागू मुर्मू, मनरेगा की जिला संयोजिका रूपसिता मिश्र इत्यादि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी