प्रतिबंध के बीच ओडिशा में खोले जा रहे हैं धर्मानुष्ठान, पुरी जगन्नाथ मंदिर को लेकर बैठक जारी

ओडिशा में कोरोना प्रतिबंधों (Coronavirus restrictions) के बीच धीरे-धीरे धर्मानुष्ठानों को खोला जा रहा है। पुरी जगन्नाथ मंदिर ( Puri Jagannath Temple) को भक्तों के लिए खोले जाने को लेकर श्रीमंदिर प्रशासन की बैठक चल रही है। देवी विरजा मंदिर को भी भक्तों के लिए खोल दिया गया है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 12:46 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 12:46 PM (IST)
प्रतिबंध के बीच ओडिशा में खोले जा रहे हैं धर्मानुष्ठान, पुरी जगन्नाथ मंदिर को लेकर बैठक जारी
पुरी जगन्नाथ मंदिर को भक्तों के लिए खोले जाने को लेकर श्रीमंदिर प्रशासन की बैठक चल रही है।

कटक, जागरण संवाददाता। कोरोना महामारी का प्रकोप कम होने के बाद अब धीरे-धीरे धर्मानुष्ठानों को खोला जा रहा है। कुछ एक मंदिरों को छोड़ दें तो फिर कटक, केन्द्रापड़ा, कोरापुट जिले के सभी धर्मानुष्ठान को खोलने के लिए जिला प्रशासन ने अनुमति दे दी है। वहीं पुरी जगन्नाथ मंदिर को भक्तों के लिए खोले जाने को लेकर श्रीमंदिर प्रशासन की बैठक चल रही है।

इस संदर्भ में कटक के जिलाधीश भवानी शंकर चइनी ने जानकारी देते हुए कहा है कि बुधवार से श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक स्थलों को खोल दिया गया है। हालांकि फिलहाल बाबा धवलेश्वर पीठ को खोलने की अनुमति जिला प्रशासन ने नहीं दी है। वहीं कटक नगर निगम क्षेत्र में आने वाले धर्मानुष्ठान को खोलने का निर्णय सीएमसी को लेना है, ऐसे में नगर निगम क्षेत्र में कब धर्मानुष्ठान खुलेंगे, इसके लिए लोगों को सीएमसी के निर्णय का इंतजार करना होगा।

जाजपुर जिले में मौजूद देवी विरजा मंदिर को भी आज से भक्तों के लिए खोल दिया गया है। केन्द्रापड़ा जिले में सभी धर्मानुष्ठान को खोलने की अनुमति जिला प्रशासन ने दे दी है। मंदिर में प्रवेश करने वाले भक्तों को मास्क लगाना एवं व्यक्तिगत दूरी का पालन अनिवार्य किया गया है। 10 साल से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिला एवं 60 साल से अधिक आयु वर्ग के लोगों को मंदिर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई है। मंदिर को नियमित सैनिटाइज करने, कोविड प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने को जिला प्रशासन की तरफ से जारी निर्देशनामा में स्पष्ट किया गया है। इसके साथ ही पूजक को नियमति अंतराल पर कोविड परीक्षण कराना होगा। इसके अलावा गुप्तेश्वर मंदिर को छोड़कर कोरापुट जिले में मौजूद सभी धर्मानुष्ठान को खोल दिया गया है।

वहीं जगन्नाथ धाम पुरी जिले में जगन्नाथ जी के मंदिर को छोड़कर सभी मंदिरों को खोल दिया गया है। जगन्नाथ जी के मंदिर खोलने को लेकर आज बैठक चल रही है। जगन्नाथ मंदिर प्रशासन की बैठक आज निर्णय लिया जाएगा कि कब पुरी जगन्नाथ मंदिर भक्तों के लिए खुलेगा। भक्तों के दर्शन के लिए क्या व्यवस्था होगी, घोषणा की जाएगी।

chat bot
आपका साथी