Petrol-Diesel Price: ओडिशा में पेट्रोल-डीजल दर वृद्धि पर हाहाकार, कांग्रेस का 10 दिवसीय विरोध प्रदर्शन शुरू

ओडिशा में पेट्रोलियम पदार्थ की कीमत के प्रतिवाद में कांग्रेस पार्टी की तरफ से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। ये विरोध प्रदर्शन चरणबद्ध तरीके से 10 दिनों तक जारी रहेगा। 14 जून को भुवनेश्वर में पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Wed, 07 Jul 2021 12:18 PM (IST) Updated:Wed, 07 Jul 2021 12:18 PM (IST)
Petrol-Diesel Price: ओडिशा में पेट्रोल-डीजल दर वृद्धि पर हाहाकार, कांग्रेस का 10 दिवसीय विरोध प्रदर्शन शुरू
पेट्रोलियम पदार्थ की कीमत के प्रतिवाद में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कोरोना महामारी के बीच लगातार बढ़ रहे पेट्रोलियम पदार्थ की कीमत के प्रतिवाद में कांग्रेस पार्टी की तरफ से आज से प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया है। कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन चरणबद्ध तरीके से 10 दिनों तक चलेगा। इसी क्रम में बुधवार को सभी ब्लाक में विरोध प्रदर्शन किया गया है। 9 जून को जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा जबकि 14 जून को राजधानी भुवनेश्वर में कांग्रेस पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने कहा है कि कोरोना महामारी के समय केन्द्र सरकार लोगों की मदद करने के बदले लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ने से दैनिक प्रयोग में आने वाली अत्यावश्यक सामग्री के दाम बढ़ गए हैं। ऐसे में 15 जून को एक दिन पेट्रोल एवं डीजल का बहिष्‍कार करने के लिए पीसीसी अध्यक्ष ने राज्य वासियों से निवेदन किया है। 17 जून को सभी पेट्रोल पंप पर लोगों का हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार

यहां उल्लेखनीय है कि ओडिशा के तमाम शहरों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार चली गई है। कई शहरों में तो डीजल भी अब प्रतिलीटर 100 रुपये से अधिक हो गया है। पेट्रोलियम पदार्थ के दाम बढ़ने से रोजमर्रा के सामानों में भी वृद्धि हुई है। अच्चे दिनों का वादा करने वाली केन्द्र सरकार की गलत नीतियां कोरोना महामारी के बीच आम जनता की कमर तोड़ रही है। एक तरफ रोजगार बंद हैं तो दूसरी तरफ पेट्रोल डीजल की कीमत आसमान छू रही है। आलम यह हो गया है कि गरीब के घरों में चूल्हा जलाने के भी अब लाले पड़ने लगे हैं। लोगों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस ने लोगोंं  के बीच जाकर आन्दोलन करने का निर्णय लिया और इस आन्दोलन में लोगों से समर्थन की करने की अपील की है।

chat bot
आपका साथी