Odisha Weather: ओडिशा में बदला मौसम का मिजाज, पांच शहरों के तापमान में गिरावट

Odisha Weather तटीय और दक्षिण ओडिशा में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में पांच जगहों पर तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के नीचे रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के सोनपुर में तापमान सबसे कम 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 09 Nov 2020 03:34 PM (IST) Updated:Mon, 09 Nov 2020 03:34 PM (IST)
Odisha Weather: ओडिशा में बदला मौसम का मिजाज, पांच शहरों के तापमान में गिरावट
मौसम का मिजाज बदलते ही तापमान में गिरावट आई है। फोटोः प्रेट्र

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। Odisha Weather: ओडिशा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में कई जगहों पर अब धीरे-धीरे रात के तापमान में गिरावट आने लगी है। खासकर तटीय और दक्षिण ओडिशा में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में पांच जगहों पर तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के नीचे रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के सोनपुर में तापमान सबसे कम 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसी के साथ ही सोनपुर में पिछले दो दिन से ठंड पड़ रही है। दारिंगीबाड़ी में तापमान 10.5 डिसे तक पहुंच गया है। इन दोनों जगहों पर ठंड बढ़ गई है। अनुगुल जिले में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस व कोरापुट में 11.6 डिग्री सेल्सियस, रिकॉर्ड किया गया है। तटीय व मध्य ओडिशा में भी पारा खिसका है, जिससे ठंड बढ़ गई है।

प्रदेश की राजधानी भुवनेश्वर में तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया है, जबकि कटक में 16.8 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड किया गया है। राज्य के 11 जगहों पर तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है। इस कारण बारीपदा, झारसुगुड़ा, केन्दुझर, सम्बलपुर, हीराकुद, भवानीपाटना तथा बलांगीर जैसे शहरों में भी अब ठंड महसूस होने लगी है। फुलवाड़ी व दारिंगीबाड़ी में सुबह के समय घने कोहरे ने भी लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। सुबह के समय लोगों को अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर जाना पड़ रहा है। कोहरे की वजह से अभी से वाहनों की रफ्तार थमने लगी है।

मौसम विभाग की बुलेटिन से पता चला है कि आगामी तीन दिन तक मौसम का मिजाज ऐसे ही रहेगा। इसके बाद तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। आगामी दो से तीन दिन के लिए अधिकांश जगहों पर रात के समय तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम होने के साथ ही तटीय ओडिशा में दो से ती डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम हो सकता है। 

chat bot
आपका साथी