गोलमुरी में सड़क दुर्घटना, स्कूटी सवार की मौत

गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में स्कूटी सवार 71 वर्षीय जेनापद बरुवा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल गोलमुरी टिनप्लेट अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस अज्ञात वाहन का पता कर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 09:30 AM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 09:30 AM (IST)
गोलमुरी में सड़क दुर्घटना, स्कूटी सवार की मौत
गोलमुरी में सड़क दुर्घटना, स्कूटी सवार की मौत

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में स्कूटी सवार 71 वर्षीय जेनापद बरुवा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल गोलमुरी टिनप्लेट अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस अज्ञात वाहन का पता कर रही है।

मृतक गोलमुरी थाना क्षेत्र नामदा बस्ती बी ब्लाक के निवासी थे। जेनापद बरुवा के पुत्र सौरभ बरुवा की शिकायत पर गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस को बताया सोनारी आर्मी कैंप में कपड़े की दुकान में काम करते थे। हर दिन की तरह रविवार सुबह आठ बजे आर्मी कैंप जाने के लिए घर से निकले थे। जानकारी हुई कि पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। गोलमुरी थाना की पुलिस के अनुसार मृतक को सिर में गंभीर चोट लगी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

मानगो में टैंकर के धक्के से बाइक सवार दो लोग घायल

मानगो थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजकीय मार्ग संख्या 33 बिग बाजार के पास टैंकर के धक्के से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर बन्ना गुप्ता आइटी सेल के पप्पू सिंह, भवानी सिंह, पिटू महतो समेत अन्य मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल उमा अस्पताल में दाखिल कराया गया। समय पर इलाज होने के कारण दोनों की जान बच गई। घायलों में बेलाजुड़ी निवासी प्रदीप सिंह और विजय सिंह शामिल है। अखिलेश सिंह, बबलू सिह, रमेश, अजय सिंह चौहान ने घायलों की मदद की।

पिकनिक मना रहे लौट रहे युवकों ने दो युवक की कर दी पिटाई, गंभीर

जासं, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के हुरलुंग से रविवार शाम पिकनिक मना कर लौट रहे युवकों ने एक बाइक पर सवार आदित्य अखिल की बेरहमी से लाठी-डंडा और बेल्ट से पिटाई कर दी। पत्थर से प्रहार किया। जब उसका साथी राजीव बीच-बचाव को आया, तो उसकी भी युवकों ने पिटाई कर दी। इसके बाद सभी भाग निकले। जानकारी पर टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल राजीव और आदित्य को टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस ने मामले में स्कूटी सवार गौतम घोष को हिरासत में लिया है। अखिल ने बताया कि वह बाइक से जा रहा था। सामने से पिकनिक मनाकर युवकों की टोली लौट रही थी। उन्होंने उसकी बाइक में धक्के मार दिया, जिसका उसने विरोध किया तो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। सोने की चेन और रुपये भी छीन लिए। टेल्को इंस्पेक्टर अखिलेश मंडल ने बताया कि घायल युवक टेल्को कालोनी केटू टाइप के रहने वाले हैं। युवकों की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि हमला करने वाले शराब के नशे में थे।

परसुडीह में शादी की नीयत से अपहरण

परसुडीह थाना क्षेत्र की एक नाबालिग का शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया। परसुडीह थाना में नाबालिग के पिता की शिकायत पर सुदर्शन पात्रों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया पुत्री 15 जनवरी से गायब है।

साकची में होटल प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी

साकची थाना में बारीडीह विजय गार्डेन निवासी प्रत्युष ठाकुर की शिकायत पर एक होटल के प्रबंधक रंजीत और उसके कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसने शिकायत में बताया होटल में उसने ऑनलाइन बुकिग कराई गई थी कि उनके गेस्ट झारखंड पुलिस एसोसिएशन के महामंत्री अक्षय कुमार राम ठहरेंगे जिसके लिए उन्होंने कमरे का किराया 2346 रुपये का भुगतान भी कर दिया था परंतु जब गेस्ट होटल में आए तो बताया कि होटल खाली नहीं है।

chat bot
आपका साथी