Pipili Assembly By-election 2021: पिपिली विधानसभा उप चुनाव, तीनों ही राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत

Pipili Assembly By-election पिपिली विधानसभा सीट पर उप चुनाव को लेकर तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। मुख्यमंत्री पटनायक ने रूद्र के लिए प्रचार किया तो केन्द्र मंत्री ने आश्रित के लिए रोड शो किया। पिपिली चुनाव क्षेत्र सुरक्षा घेरे में है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 01:08 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 01:14 PM (IST)
Pipili Assembly By-election 2021: पिपिली विधानसभा उप चुनाव, तीनों ही राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत
पिपिली विधानसभा उप चुनाव के लिए महज तीन दिन का समय बचा है

 भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। पिपिली विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव को अब महज कुछ ही दिन का समय बचा है, ऐसे में तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। खासकर बीजू जनता दल एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं स्टार प्रचारक लोगों को लुभाने के लिए कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं और लगभग हर दिन एक दूसरे के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत करना नहीं भूलते हैं। इसी बीच बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए जहां अपने उम्मीदवार को लिए लोगों से वोट मांगते हुए पिपिली एवं डेलांग के विकास की जिम्मेदारी खुद लेते हुए कोरोना संक्रमण के बाद लोगों से आकर मिलने की बात कही तो वहीं कांग्रेस उम्मीदवार अजीत मंगराज के कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिवार के साथ बात की। केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने आज पिपिली विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर अपनी ताकत का इजहार किया है। चुनाव के सरगर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा एवं बीजद दोनों ही पार्टी की तरफ से नियमित चुनाव आयोग के पास एक दूसरी की शिकायत की जा रही है। गौरतलब है कि पिपिली विधानसभा सीट के लिए 17 अप्रैल को मतदान होगा, 2 मई को मतगणना की जाएगी। 

गौरतलब है कि पिपिली विधानसभा उप चुनाव के लिए महज तीन दिन का समय बचा है। ऐसे में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए अपने पार्टी के उम्मीदवार रूद्र प्रताप के लिए प्रचार किया। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पिपिली एवं डेलांग इलाके में कई अच्छे कार्य हुए हैं। आगे और अनेक अच्छे कार्य के लिए अवसर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पिपिली-डेलांग महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के श्रेष्ठ भक्त दासिया की पवित्र भूमि है। 

महात्मा गांधी की पदयात्रा से पिपिली-डेलांग की भूमि धन्य हो गई है। यह कला की भूमि है। यहां तैयार चांदुआ देश-विदेश में ओडिशा का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने पिपिली-डेलाग के समृद्ध इतिहास को याद करते हुए यहां की मिट्टी को प्रणाम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मुझे पता है कि यहां के लोग मुझे बहुत प्रेम करते हैं, यदि मैं पिपिली-डेलांग आता तो काफी संख्या आप लोग मुझे आशीर्वाद देने के लिए एकत्र होते। कोरोना के समय में यह उचित नहीं था। मेरे लिए आपको कोई असुविधा हो ऐसा मैं नहीं चाहता था, इसीलिए वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए आपको संबोधित कर रहा हूं। कोरोना ठीक होने के बाद मैं आपसे मिलने जरूर आऊंगा। 

वहीं दूसरी तरफ भाजपा उम्मीदवार आश्रित पटनायक के लिए आज केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने प्रचार किया है। रोड शो के जरिए केन्द्र मत्री ने भाजपा उम्मीदवार आश्रित पटनायक को लेकर प्रचार कियाहै। पिपिली ब्लाक, पिपिली एनएसी, डेलांग ब्लाक के चुनाव क्षेत्र में केन्द्र मंत्री ने रोड शो किया है। यहां उल्लेखनीय है कि इससे पहले भुवनेश्वर सांसद अपराजिता षडंगी ने भी सोमवार को भाजपा उम्मीदवार आश्रित पटनायक के लिए चुनाव प्रचार किया था।

 सुरक्षा के घेरे में पिपिली चुनाव क्षेत्र

पिपिली विधानसभा चुनाव आगामी 17 अप्रैल को होगा। इस चुनाव को पूरी तरह से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इस बीच 3 कंपनी केन्द्रीय अर्ध सामरिक वाहिनी (बीएसएफ जवान) तैनात कर दिए गए हैं। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संचालन के लिए व्यापक स्तर पर पुलिस बल तैनात किए जाने की जानकारी पुलिस डीजी अभय ने दी है। पुलिस डीजी ने उप चुनाव में कानून व्यवस्था को लेकर खुद पिपिली पहुंचकर समीक्षा की है। चुनाव क्षेत्र में 348 बूथ में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पूरी जानकारी ली है। 

 अतिरिक्त पुलिस डीजी (कानून व्यवस्था) यशवंत कुमार जेठवा ने कहा है कि 3 कंपनी केन्द्रीय अर्धसैनिक बल, 1 प्लाटुन ओडिशा त्वरित कार्यानुष्ठान पुलिस बल, 20 प्लाटुन पुलिस बल पूरे चुनाव क्षेत्र में तैनात रहेगी। दो अतिरिक्त एसपी, 3 डीएसपी को लेकर जोनल आरेंजमेंट किया गया है। प्रत्येक जोन को सुपरवाइजिंग अधिकारी जांच करेंगे। अतिरिक्त पुलिस डीजी ने कहा है कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी प्रकार की व्यवस्था की गई है। यदि कोई कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो फिर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 80 बूथ को अति संवेदनशील बूथ के रूप में पहचान की गई है। यहां पर ओडिशा पुलिस के साथ बीएसएफ जवान को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 150 पुलिस अधिकारी को दायित्व दिया जाएगा। वर्तमान समय तक 900 असामाजिक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 

 भाजपा कर्मी एवं मंत्री पर हमला मामले में 4 गिरफ्तार

पिपिली विधानसभा उप चुनाव को लेकर पिपिली एवं डेंलांग इलाका अब धीरे धीरे अशांत होने लगा है। ऐसे में अलग-अलग मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। भाजपा किसान मोर्चा के सचिव सत्यवादी चइनी एवं जेनापुर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष मनोरंजन बराल को जेनापुर पंचायत ब्राह्मणबाड़ गांव में हुए हमले के आरोप में स्थानीय समिति सदस्य प्रभात जेना, डेलांग स्टेशन बाजार के कृष्ण चन्द्र स्वांई को डेलांग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं बीजद की तरफ से समिति सदस्य प्रभात जेना, कृष्ण चन्द्र स्वांई एवं मंत्री सुशांत सिंह के कार चालक के आरोप के आधार पर तीन मामला भजापा नेता एवं कार्यकर्ताओ के खिलाफ दायर किया गया है। डेलांग पुलिस ने रणपुर के अभिषेक सामन्तराय एवं बौद्ध के ओम मिश्र को गिरफ्तार कर अदालत में हाजिर किया है। इंस्पेक्टर रश्मि रंजन पटनायक ने कहा है कि रविवार को भाजपा एवं बीज कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई थी। परिणामस्वरूप भजापा के 2, बीजद के 3 कार्यकर्ता के साथ मंत्री सिंह, ब्लाक अध्यक्ष प्रसन्न साहू घायल हुए थे।

chat bot
आपका साथी