Odisha Weather Update: ओडिशा के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 40 से 50 किमी. की रफ्तार से चलेगी हवा

Odisha Weather Update ओडिशा में मानसूनी वायु सक्रिय हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून को राज्‍य के 13 जिलों में भारी बारिश होगी जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। तटीय जिलों में 40 से 50 किमी. रफ्तार से हवा चल सकती है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 03:14 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 03:18 PM (IST)
Odisha Weather Update: ओडिशा के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 40 से 50 किमी. की रफ्तार से चलेगी हवा
ओडिशा में सक्रिय हुई मानसून वायु, भारी बारिश का अलर्ट

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। राजधानी भुवनेश्वर के साथ पूरे प्रदेश में मानसूनी वायु सक्रिय हो गई है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर एवं उत्तर-पश्चिम दिशा में गति कर पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ तथा झारखण्ड की तरफ जा रही है। कम दबाव के प्रभाव से आज 8 जिले में बारिश का दौर सुबह से ही जारी है जबकि 15 जून को 13 जिलों में भारी बारिश होने की सम्भावना मौसम विभाग की तरफ से जतायी गई है।

इन जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सुन्दरगड़, झारसुगुड़ा, बरगड़, सम्बलपुर, देवगड़, अनुगुल, केन्दुझर तथा मयूरभंज जिले में भारी बारिश होने की सम्भावना है। इसके साथ ही मालकानगिरी, कोरापुट, नवरंगपुर, कालाहांडी, ढेंकानाल, जाजपुर, कटक, भद्रक, बालेश्वर, केन्द्रापड़ा, जगतसिंहपुर, खुर्दा तथा पुरी जिले के अधिकांश जगहों पर भारी बारिश होने की सम्भावना है।

40 से 50 किमी. की रफ्तार से चलेगी हवा

राज्य में भारी बारिश की सम्भावना को देखते हुए मौसम विभाग की तरफ से उक्त सभी जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। उसी तरह से 16 जून को 6 जिले के लिए सतर्क सूचना जारी की गई है।  मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बारिश के समय तेज हवा चलेगी। इस दौरान प्रति घंटा 40 से 50 किमी. की रफ्तार से हवा चलने की सम्भावना है। बीच बीच में कुछ जगहों पर हवा की गति 60 किमी. तक भी जा सकती है। तटीय ओडिशा में हवा की गति अधिक रहने की उम्मीद है।

यहां उल्लेखनीय है कि मानसून के सक्रिय हो जाने के कारण आज सुबह से ही राजधानी भुवनेश्वर समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाने के साथ ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई है। कुछ जगहों पर आज भी तेज बारिश होने की खबर है। वहीं दूसरी तरफ मानसून के सक्रिय होते ही लोगों को गर्मी से भी निजात मिली है।

chat bot
आपका साथी