Jagannath Puri Rath Yatra 2021: बुखार से स्वस्थ हुए जगत के स्वामी महाप्रभु जगन्नाथ, मौसी के घर जाने की तैयारी

Jagannath Rathyatra स्नानपूर्णिमा के दिन शीतल जल से स्नान करने से बीमार पड़े श्रीविग्रह एकांतवास (क्वारेनटाइन) में चले गए महाप्रभु अब स्‍वस्‍थ हो गए हैं। इसी के साथ प्रभु के मौसी के घर जाने की तैयारी भी शुरू हो गई।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Wed, 07 Jul 2021 08:59 AM (IST) Updated:Wed, 07 Jul 2021 09:05 AM (IST)
Jagannath Puri Rath Yatra 2021: बुखार से स्वस्थ हुए जगत के स्वामी महाप्रभु जगन्नाथ, मौसी के घर जाने की तैयारी
महाप्रभु जगन्नाथ जी बुखार से स्वस्थ हो गए हैं

भुवनेश्वर/पुरी, जागरण संवाददाता। सदियों पहले आम जनमानस को क्वारेनटाइन का संदेश देने वाले जगत के स्वामी नयन पथगामी महाप्रभु जगन्नाथ जी बुखार से स्वस्थ होने के बाद मौसी बाड़ी अर्थात मौसी के घर जाने की तैयारी में लग गए हैं। वहीं दूसरी तरफ महाप्रभु की नव दिसीय गुंडिचा यात्रा के लिए तीनों रथों को सजाया संवारा जा रहा है। प्रभु की इस यात्रा में किसी भी प्रकार की विघटन ना आए प्रशासन की तरफ से घनाघन बैठक की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक स्नानपूर्णिमा के दिन शीतल जल से स्नान करने से बीमार पड़े श्रीविग्रह एकांतवास (क्वारेनटाइन) में चले गए थे। जहां पर दइतापति सेवक प्रभु की गुप्त सेवा कर रहे थे, वैद्य विभिन्न प्रकार की जड़ी बुटी से प्रभु का इलाज कर रहे थे। मंगलवार को प्रभु के पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद दइतापति सेवकों ने इसकी जानकारी पुरी गजपति महाराज दिव्य सिंहदेव को दी और इसी के साथ प्रभु के मौसी के घर जाने की तैयारी भी शुरू हो गई।

गजपति महाराज ने जतायी खुशी

महाप्रभु के स्वस्थ होने की जानकारी गजपति महाराज को देने जाते दइतापति सेवक

महाप्रभु के स्वस्थ होने की खबर मिलते ही गजपति महाराज दिव्यसिंहदेव ने खुशी जताते हुए कहा है कि महाप्रभु की अणवसर नीति सही ढंग से सम्पन्न हुई। महाप्रभु के स्वस्थ होने की खबर से मुझे बहुत ही प्रसन्नता हुई है। अब 9 जुलाई को श्रीजीओं का नव यौवन दर्शन होगा एवं नेत्रोत्सव नीति सम्पन्न की जाएगी। जगन्नाथ मंदिर में भक्तों के प्रवेश पर पाबंदी है ऐसे में कोई भी भक्त मंदिर में प्रवेश नहीं कर पाएगा। महाप्रभु के आशीर्वाद से मैं आगामी 12 जुलाई को होना वाली रथयात्रा एवं 20 जुलाई को बाहुड़ा (वापसी) यात्रा के दिन रथ के ऊपर जाकर छेरा पहंरा करूंगा। 

रथ पर लगायी गई (ठेकराबाड़) रेलिंग

रथ निर्माण का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी के तहत निर्माणाधीन तीनों रथों में मंगलवार को (ठेकराबाड़) रेलिंग लगायी गई। इसके अलावा रथ लगायी जाने वाली अन्य सामग्री की तैयारी भी खत्म हो गई है। दर्जी सेवक रथ पर कपड़ा लगाने के लिए कपड़ा की सिलाई कर रहे है। मुख्य सचिव ने ली सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी 12 जुलाई को होने वाली विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के दिन किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है, एक समीक्षा बैठक करते हुए उसकी जानकारी मुख्य सचिव सुरेश चन्द्र महापात्र ने ली है। 

रथयात्रा के लिए तीनों रथों को अंतिम रूप दिया जा रहा है

लोकसेवा भवन से वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए आयोजित इस बैठक मे जगन्नाथ मंदिर के मुख्य प्रशासक, विभागीय सचिव, कानून विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के साथ पुरी के जिलाधीश समर्थ वर्मा, पुलिस अधीक्षक कुंवर विशाल सिंह तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

दूरदर्शन पर होगा रथयात्रा का सीधा प्रसारण

कोरोना महामारी के कारण इस साल रथयात्रा का सीधा प्रसारण दुरदर्शन केन्द्र भुवनेश्वर की मदद से किया जाएगा। अनुमोदित मीडिया संस्था को लाइव कामन फीड प्रदान किया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी