ओडिशा की बहू बनी गोरखपुर की बेटी: घरवालों ने दर्ज करवाया अपहरण का केस; लड़की ने किया खारिज

उत्तर प्रदेश की बेटी बनी ओडिशा की बहू गोरखपुर से लड़की को लेने आयी पुलिस खाली हाथ लौटी लड़की के परिवार वालों ने गोरखपुर में दर्ज कराया था अपहरण का मामला लड़की ने कहा मैं बालिग हूं अपनी मर्जी से की है शादी।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 01:02 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 01:20 PM (IST)
ओडिशा की बहू बनी गोरखपुर की बेटी: घरवालों ने दर्ज करवाया अपहरण का केस; लड़की ने किया खारिज
उत्तर प्रदेश की बेटी बनी ओडिशा की बहू

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश गोरखपुर जिले के खार बार थाना क्षेत्र की बेटी ओडिशा की बहू बनी है। ओडिया लड़के के प्रेम करने के बाद लड़की ने अपना घर परिवार को त्याग कर भुवनेश्वर आ गई और यहां अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली। हालांकि लड़की का पीछा करते हुए पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस को खाली हाथ वापस लौट जाना पड़ा है। घर वालों द्वारा अपहरण का आरोप लगाने के मामले को लड़की ने सिरे से खारिज कर दिया है। लड़की ने कहा है कि मैं अपनी मर्जी से यहां आयी हूं, यहां आने के बाद हमने शादी कर ली है और यहीं पर रहूंगी।

खबर के मुताबिक भुवनेश्वर में रहने वाले युवक पृथ्वीराज पंडा और उत्तर प्रदेश गोरखपुर जिले के खारबार थाना क्षेत्र की आकांक्षी सिंह दोनों प्रेम करते हैं। दोनों ने शादी का निर्णय लिया। इसके बाद आकांक्षी ने अपने प्रेम के बारे में परिवार को बताया। हालांकि परिवार लोग इस पर राजी नहीं हुए। यहां तक कि उसे प्रताड़ना देने लगे, जो आकांक्षी ने खुद कहा है। आकांक्षी ने पुलिस को बयान दिया है कि इससे तंग आकर मैंने घर छोड़ दिया। घर छोड़ने से पहले परिवार के उद्देश्य से एक पत्र लिखा था। इसमें हमने लिखा था कि अपनी मर्जी से मैं छोड़कर ओडिशा जा रही हूं। यहां मैं अपने प्रेमी के साथ शादी करूंगी। आकांक्षी अपने साथ अपना आधार कार्ड और सर्टिफिकेट लेकर आयी। आकांक्षी सिंह गोरखपुर से नई दिल्ली गई और फिर यहां से भुवनेश्वर आयी। भुवनेश्वर में पहुंचने के बाद उसने अपने प्रेमी पृथ्वीराज के साथ कोर्ट मैरेज कर ली।

वहीं दूसरी तरफ लड़की के अपहरण होने का एक मामला आकांक्षी के परिवार वालों ने गोरखपुर खारबार थाना में दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस आकांक्षी को लेने के लिए भुवनेश्वर पहुंची। पुलिस यहां पहुंचने के बाद इस हेतु प्रयास भी किया। हालांकि आकांक्षी ने रोकठोक जाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि मै नाबालिग नही हूं। हमें किसी ने अपहरण नहीं किया है। मैंने अपनी मर्जी से ओडिशा आकर अपने जीवन साथी के साथ शादी कर ली है। 

पुलिस के साथ बात नहीं बनी तो मामला कोर्ट तक पहुंचा। इस संदर्भ में सोमवार को भुवनेश्वर कोर्ट में आकांक्षी सिंह का बयान रिकॉर्ड किया गया। अदालत ने कहा कि आकांक्षी बालिग हैं और अपनी मरजी से ओडिशा आकर शादी की हैं। इस शादी से वह खुश है। शादी करने के बाद वह अपने ससुराल  चली गई हैं। ऐसे में पुलिस को खाली हाथ उत्तर प्रदेश लौटना पड़ा है।

यहां उल्लेखनीय है कि आकांक्षी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उनकी बेटी इंटर की छात्रा है। दो साल पहले वह क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ती थी। ओडिशा, भुवनेश्वर के रेलवे स्टेशन लेन नंबर चार के पास रहने वाला पृथ्वी पंडा स्कूल में फिजिक्स पढ़ाता था। जो फोन पर उनकी बेटी से बातचीत करता था। संदेह होने पर घरवालों ने कई बार बेटी से पूछा तो उसने पढ़ाई के बारे में बात करने की जानकारी दी। आरोपित कुरियर से उनके घर नोट्स भेजा करता था। 15 जून की सुबह उनकी बेटी घर से कुछ सामान लेकर निकल गई। जानकारी होने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई लेकिन पता नहीं चला। मोबाइल नंबर भी बंद था। सहेलियों से पूछने पर उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया। रात में नौ बजे बेटी का फोन आया। उसने कहा कि पापा मैं पृथ्वी के साथ भुवनेश्वर आ गई हूं। उसी के साथ शादी करूंगी। परेशान मत होइएगा।

chat bot
आपका साथी