Odisha: रेंगाली डैम से पहली बार छोड़ा जाएगा बाढ़ का पानी, ब्राह्मणी नदी के दोनों तरफ बसे लोगों को किया गया सतर्क

लगातार हो रही बारिश के कारण रेंगाली डैम में ब्राह्मणी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। बुधवार को डैम का एक गेट खोलकर बाढ़ का पानी निकाला जाएगा। ऐसे में आस-पास के लोगों को इसके लिए सतर्क रहने को कह दिया गया है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 10:05 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 10:05 AM (IST)
Odisha: रेंगाली डैम से पहली बार छोड़ा जाएगा बाढ़ का पानी, ब्राह्मणी नदी के दोनों तरफ बसे लोगों को किया गया सतर्क
रेंगाली डैम में ब्राह्मणी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है।

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ऊपरी हिस्से में हुई लगातार बारिश के कारण अनुगुल जिले के कणिहां ब्लाक अन्तर्गत रेंगाली डैम में ब्राह्मणी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में जल भंडार से बुधवार को एक गेट खोलकर इस साल पहली बार बाढ़ का पानी निष्कासित किया जाएगा। डैम के इंजीनियर अजित जेना ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए कहा है कि रेंगाली डैम में सर्वोच्च जल धारण की क्षमता 123.50 मीटर है। डैम का जलस्तर मंगलवार अपराह्न तक 119.63 मीटर तक पहुंच गया है। डैम के जलधारण सारणी के मुताबिक आज की तिथि में डैम का जलस्तर 116.40 मीटर होना चाहिए।

प्रत्येक घंटे में 2 सेमी. बढ़ रहा है डैम का जलस्तर

प्रत्येक सेकेंड में जल भंडार में 2347.25 घन मीर जल प्रवेश कर रहा है जबकि पावर चैनल के रास्ते 597.11 घन मीटर जल निष्कासित हो रहा है। इससे प्रत्येक घंटेमें डैम का जलस्तर 2 सेमी. बढ़ रहा है। परिणाम स्वरूप बुधवार को डैम में मौजूद कुल 24 गेट में से एक गेट को खोलकर पानी को बाहर छोड़ा जाएगा। इस साल पहली बार यह डैम से बाढ़ का पानी निष्काशित किया जा रहा है। ऐसे में आस-पास के लोगों को इसके लिए सतर्क रहने को कह दिया गया है।

लोगों को किया गया सतर्क

रेंगाली डैम के निचले हिस्से में ब्राह्मणी नदी के दोनों किनारे रहने वाले गावों के लोगों के साथ ही अनुगुल, ढेंकानाल, जाजपुर एवं केन्द्रापड़ा जिले में प्रवाहित हो रही नदी के किनारे बसे लोगों को सतर्क करा दिया गया है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की तरफ से लोगों को इस दौरान सावधानी बरतने एवं सतर्क रहने को कहा गया है। यहां उल्लेखनीय है कि झारखंड में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते प्रदेश के कुछ जिलों में प्रवाहित हो रही नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

chat bot
आपका साथी