Bakrid 2021: कोविड प्रतिबंध के बीच धूमधाम के साथ मनायी जा रही है ईद, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी शुभकामना

Eid-ul-Adha 2021 ओडिशा में ईद उल जुहा का पर्व कोविड महामारी के बीच आनंद एवं उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुस्लिम भाईयों ने सामूहिक नमाज न अदा करते हुए अपने घरों में ही नमाज अदा की और कोरोना संक्रमण को खत्‍म करने की दुआ मांगी।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 12:00 PM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 12:00 PM (IST)
Bakrid 2021: कोविड प्रतिबंध के बीच धूमधाम के साथ मनायी जा रही है ईद, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी शुभकामना
राजधानी भुवनेश्वर के साथ पूरे प्रदेश में ईद उल जुहा मनाया जा रहा है।

भुवनेश्वर/कटक, जागरण संवाददाता। राजधानी भुवनेश्वर के साथ पूरे प्रदेश में आज त्याग एवं बलिदान का पर्व ईद उल जुहा मनाया जा रहा है। प्रदेश भर के मुस्लिम संप्रदाय के भाई बहन इस पर्व को आनंद एवं उल्लास के साथ मना रहे हैं। कोविड महामारी के कारण इस साल मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा नहीं की गई है ऐसे में अपने-अपने घरों में रहकर मुस्लिम भाई हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-जुहा पर्व मनाया और जल्द से जल्द कोरोना महामारी को खत्म करने के लिए अल्लाह से दुआ मांगी। वहीं पुलिस प्रशासन की तरफ से राज्य भर में मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौलवी एवं मस्जिद कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मस्जिदों में रीति नीति का पालन किया। वहीं त्याग एवं बलिदान के इस पवित्र पर्व पर राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री रघुनंदन दास के साथ तमाम राजनीतिक दल के वरिष्ठ नेताओं ने मुस्लिम भाई बहनों को अपनी शुभकामना दी है।

राज्यपाल ने दी शुभकामना

राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि मैं आंतरिकता से मुस्लिम भाई बहनों को अपनी शुभकामना देता हूं। सेवा, समर्पण एवं त्याग के इस पर्व में सभी से शामिल होने एवं मुस्लिम भाई बहनों के सर्वागीण विकास के लिए मैं आज आह्वान करता हूं। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में शामिल होकर धैर्य एवं साहस के साथ मुकाबला करने में सभी से सक्रिय सहयोग की कामना करता हूं।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की ईद पर बधाई

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पवित्र ईद उल जुहा पर्व पर बधाई संदेश देते हुए कहा है कि मुस्लिम भाई बहनों को मेरी आंतरिक शुभकामना है। सभी के सुख एवं समृद्धि की कामना करता हूं। कोरोना महामारी का संकट अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में सभी से निवेदन करता हूं कि हम सभी मिलकर कोविड नियम का अनुपालन करें। मास्क पहने, हाथ धोयें, व्यक्तिगत दुराव का अनुपालन करते हुए खुद स्वस्थ रहें और अपने परिवार को भी स्वस्थ रखने में अपना योगदान दें। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री रघुनंदन दास ने कहा है कि त्याग, समर्पण एवं बलिदान के इस पर्व पर सभी मुस्लिम भाई बहनों को मेरी शुभकामना। मंत्री ने कोरोना महामारी के कठिन समय में सभी से कोविड नियम का अनुपालन करने को अनुरोध किया है।

घर पर रहकर ईद पर्व मनाने का आह्वान

वहीं दूसरी तरफ भुवनेश्वर, कटक, पुरी, खुर्दा, भद्रक, बालेश्वर, केन्द्रपड़ा आदि तमाम जिलों की मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा करने की इजाजत ना होने से परंपरा को पालन करते हुए विभिन्न मस्जिदों के मौलवी एवं मस्जिद कमेटी के कार्यकर्ता मस्जिद में नमाज अदा की। बाकी मुस्लिम भाई-बहन अपने अपने घरों पर ही नमाज अदा की है। मौलवियों ने इस अवसर पर लोगों को बकरीद की बधाई देने के साथ ही घर पर रहकर ईद पर्व मनाने का आह्वान किया। यही कारण है कि मुस्लिम भाई बहनों के घरों में आज उत्साह का माहौल देखा गया है। घरों में नाना प्रकार के व्यंजन बनाए गए। लोगों ने वीडियो काल एवं फोन के जरिए एक दूसरे को पवित्र ईद-उल-जुहा की बधाई दी है। पहले की भांति लोगों के घरों में कोरोना के चलते मेहमानों की भीड़ भी इस साल नहीं देखी गई। नमाज अदा करने वाले लोगों का कहना है कि कोरोना महामारी जल्द से जल्द खत्म हो इसके लिए हमने अल्लाह से दुआ मांगी है। तमाम मस्जिदों के बाहर पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

chat bot
आपका साथी