Cyclone Rose: चक्रवात गुलाब को लेकर ओडिशा के 7 जिलों में हाई अलर्ट, भूस्खलन की सम्भावना

Cyclone Rose विशेष राहत आयुक्त प्रदीप जेना ने चक्रवात गुलाब को लेकर ओडिशा के सात जिलों में हाइ अलर्ट जारी कर दिया है। जिलाधीशों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। संभावित चक्रवात गुलाब आन्ध्र प्रदेश तट पर स्थल भाग से टकराने की सम्भावना है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 02:48 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 02:48 PM (IST)
Cyclone Rose: चक्रवात गुलाब को लेकर ओडिशा के 7 जिलों में हाई अलर्ट, भूस्खलन की सम्भावना
तूफान से ओडिशा के 7 जिले विशेष रूप से प्रभावित होंगे।

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। चक्रवात गुलाब को लेकर विशेष राहत आयुक्त प्रदीप जेना ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा है कि तूफान से ओडिशा के 7 जिले विशेष रूप से प्रभावित होंगे। ऐसे में इन जिलों में हाई अलर्ट जारी करने के साथ ही इन जिलों के जिलाधीशों को सतर्क रहने को निर्देश जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा है कि संभावित चक्रवात गुलाब आन्ध्र प्रदेश तट पर स्थल भाग से टकराने की सम्भावना की जा रही है। इस दौरान भारी से भारी बारिश होने के साथ ही 70 से 80 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे इस समुद्री तूफान को लेकर सतर्क सूचना जारी की गई है। विशेष राहत आयुक्त ने कहा है कि समुद्री तूफान के प्रभाव से पहाड़ी इलाके में भूस्खलन होने की सम्भावना है। निचले इलाके में जल जमाव हो सकता है।

चक्रवात गुलाब के संभावित प्रकोप को देखते हुए विशेष राहत आयुक्त ने आज प्रदेश के 7 जिलों के जिलाधीशों के साथ वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए चर्चा की है। प्रभावित होने वाले जिलों में गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, कंधमाल, मालकानगिरी एवं नयागड़ जिला शामिल है। इन सभी जिलों के जिलाधीशों को पहले सही सतर्क रहने को कह दिया गया है। इन जिलों में 42 ओड्राफ, 24 एनडीआरएफ टीम भेजी जा रही है। वहीं गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, कंधमाल एवं मालकानगिरी जिले में भारी से भारी बारिश होने की सम्भावना है।

12 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से गति कर रहा है तूफान गुलाब

पूर्व केन्द्रीय बंगोपसागर में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे अवपात में तब्दील हो गया है। पिछले 6 घंटे से तूफान गुलाब 12 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से गति कर रहा है। भुवनेश्वर क्षेत्रीय मौसम विभाग की तरफ से यह जानकारी दी गई है। यह तूफान वर्तमान समय में गोपालपुर से पूर्व एवं दक्षिण पूर्व में 510 किमी. दूरी पर है। यह समुद्री तूफान गुलाब रविवार को स्थल भाग से टकराने का आकलन मौसम विभाग ने किया है। इसे गोपालपुर एवं विशाखापट्टनम के बीच कलिंगपतनम में लैंडफाल करने का अनुमान है। लैंडफाल के समय हवा की गति 70 से 80 किमी. प्रति घंटा होगी।

सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक इस समय के दौरान समुद्र अशांत रहेगा। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में ना जाने की हिदायत दी गई है। समुद्री तूफान के प्रभाव से दक्षिण ओडिश के जिले ज्यादा प्रभावित होंगे। इन जिलों में गजपति, गंजाम, कोरापुट, मालकानगिरी, रायगड़ा एवं कंधमाल जिला शामिल है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन जिलों में अचानक बाढ़ एवं भूस्खलन जैसी परिस्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में इन जिलों के लोगों के ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।

सरकारी छुट्टी रद

वहीं दूसरी तरफ संभावित समुद्री तूफान को ध्यान में रखते हुए गजपति जिले में शनिवार एवं रविवार को सरकारी छुट्टी रद दी गई है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को तैयार रहने को निर्देश जारी किया गया है। इसके साथ ही गजपति जिलाधीश ने सभी विभागीय अधिकारियों को सदर महकमा ना छोड़ने का निर्देश जारी किया है।

chat bot
आपका साथी