कोरोना का चरित्र भयानक, रहें सावधान : नवीन पटनायक

ओडिशा में कोरोना की रफ्तार काफी हद तक कम हुई है यह हम सबके लिए खुशी की बात है मगर कोरोना का चरित्र भयानक है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 11:57 PM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 05:18 AM (IST)
कोरोना का चरित्र भयानक, रहें सावधान : नवीन पटनायक
कोरोना का चरित्र भयानक, रहें सावधान : नवीन पटनायक

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा में कोरोना की रफ्तार काफी हद तक कम हुई है, यह हम सबके लिए खुशी की बात है मगर कोरोना का चरित्र भयानक है। इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। यूरोपीय देशों में कोरोना का प्रकोप कम हो गया था। हालांकि अब उन देशों में संक्रमण बढ़ने लगा है। ऐसे में उन देशों में पुन: लाक डाउन एवं शट डाउन करना पड़ रहा है। यह हम लोगों के लिए सतर्क घंटी है। कोरोना की दवा आने तक हमें सतर्क एवं सावधान रहना होगा। यह बात मंगलवार की शाम को राज्य वासियों के नाम वीड़ियो संदेश देते हुए राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कही है।

मुख्यमंत्री पटनायक ने राज्य वासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामना देते हुए त्योहार को अपने घरों में रहकर मनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के प्रमुख राज्य केरल में हाल ही में संपन्न हुए ओणम त्योहार से हमें सीख लेनी होगी क्योंकि इस त्योहार में लोगों ने शारीरिक दूरी का अनुपालन नहीं किया। इससे ओणम पर्व के बाद केरल में कोरोना संक्रमण अचानक बढ़ गया। ठंड के दिनों में कोरोना का संक्रमण बढ़ने की संभावना अधिक है। ऐसे में हमें अधिक सावधानी भी बरतनी होगी। मुख्यमंत्री ने राज्य वासियों को सतर्क करते हुए कहा कि आगे दशहरा एवं दीपावली है। राज्य के लोगों को पूजा के समय में सार्वजनिक जगहों पर भीड़ ना करने की सलाह दी है। घर में रहकर ही मां की पूजा करने की मुख्यमंत्री ने सलाह दी है। परिवार के साथ घर में रहकर शारदीय पर्व पालन के ऊपर मुख्यमंत्री ने फोकस किया है। राज्य में पर्व के दौरान कोरोना संक्रमण ना बढ़ने पाए, इस पर ध्यान देने के लिए मुख्यमंत्री ने आह्वान किया है।

कहा है कि प्रदेश के लोग पिछले सात महीने से कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें लोगों को बहुत तकलीफ हुई है। लोगों काफी कुछ त्याग करना पड़ा है। खासकर हमारे बच्चे, वयस्क लोगों को घर में रहना पड़ रहा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। अपने दोस्तों से नहीं मिल पा रहे हैं। वयस्क लोग एवं बच्चों के घर में रहने से हम कोरोना के खिलाफ लड़ाई को बेहतर ढंग से लड़ पाने में सफल हुए हैं और आगे भी ऐसे ही रहना होगा। ओडिशा में कोरोना योद्धाओं की मेहनत बेकार नहीं गई है। छह महीने में कोरोना संक्रमण को रोकने में हम सफल हुए हैं। इसमें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का सहयोग मिला है। कुछ लोग हैं जो अब भी परिस्थिति को ठीक से समझ नहीं पा रहे हैं, उन्हें भी सतर्क रहने के लिए मुख्यमंत्री ने आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो सप्ताह से राज्य में कोरोना संक्रमण लगातार कम हो रहा है। 26 सितंबर को राज्य में एक दिन मरीज की संख्या चार हजार से अधिक हो रही थी मगर अब यह संख्या दो हजार के नीचे आ गई है। आगे यह संख्या कम होने की हमें उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने गंजाम एवं गजपति जिले का उदाहरण भी दिया। कहा कि दो महीने पहले गंजाम प्रदेश का हाट स्पाट था। अब यहां हरदिन 100 संक्रमित सामने आ रहे हैं। लोगों की मदद से यह संभव हुआ है। गंजाम एवं गजपति दोनों जिलों में संक्रमण काफी हद तक कम हो गया है। ये दोनों जिले प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणा हैं। हालांकि इससे उत्साहित होने की जरूरत नहीं है बल्कि कोरोना की दवा या वैक्सीन ना आने तक सभी से सतर्क रहने एवं कोविड गाइडलाइन का पालन करने के लिए मुख्यमंत्री ने आह्वान किया है।

chat bot
आपका साथी