महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण संकल्प बीजद का छलावा

विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 फीसद आरक्षण मामले पर भाजपा ने बीजू जनता दल पर कटाक्ष किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Nov 2018 04:41 PM (IST) Updated:Thu, 22 Nov 2018 04:41 PM (IST)
महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण संकल्प बीजद का छलावा
महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण संकल्प बीजद का छलावा

संवादसूत्र, भुवनेश्वर : विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 फीसद आरक्षण मामले पर भाजपा ने बीजू जनता दल पर कटाक्ष किया है। भाजपा विधायक प्रदीप पुरोहित ने कहा है कि यह बीजद की केवल चालबाजी है। वास्तव में बीजू जनता दल महिलाओं की भागीदारी को लेकर कितना गंभीर है यह बात तथ्यों से साफ हो जाती है। बीजू जनता दल ने वर्ष 2004 के चुनाव में मात्र चार महिलाओं को टिकट दिया था। वर्ष 2009 में आठ व 2014 के चुनाव में 15 महिलाओं को पार्टी ने टिकट दिया था। अत: यह कहना कि हम महिलाओं को सर्वाधिक प्रतिनिधित्व देते हैं, सरासर गलत है। पुरोहित ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 33 फीसद महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की बात केवल लोगों को बरगलाने के लिए है। पुरोहित ने कहा कि राज्य में महिलाओं की स्थिति दयनीय बनी हुई है। दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाओं को सुरक्षा देने में सरकार नाकाम रही है और अपनी कमजोरी दूर करने के बजाय आरक्षण का मुद्दा उठा लोगों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। केवल संकल्प लेने से काम नहीं होता इसके लिए निष्ठापूर्वक प्रयास करने की आवश्यकता है। बीजद द्वारा की गई घोषणा मात्र छलावा है।

chat bot
आपका साथी